Haryana: मौसम में उतार-चढ़ाव के बीच तापमान बढ़ना शुरू हो गया है। सोमवार का दिन इस साल का सबसे गर्म दिन रहा। पारा पहली बार 32 डिग्री सेल्सियस के पार हो गया, जिससे गर्मी की दस्तक के संकेत मिलने शुरू हो गए हैं। आसमान में आंशिक बादलों के बीच तापमान बढ़ने से मौसम जल्द एक बार फिर करवट ले सकता है। 12 मार्च को आसमान साफ रहने के बाद एक बार फिर बादल छा सकते हैं, लेकिन अभी बरसात की कोई संभावना नजर नहीं आ रही।

साल में पहली बार तापमान 30 डिग्री के पार

इस साल के पहले सवा दो माह के दौरान अधिकतम तापमान एक बार 30 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा था। इसके बाद प्रदेश के दूसरे हिस्सों में बरसात और ओलावृष्टि से पारा लुढ़क गया था। लोगों को गर्म कपड़े एक बार फिर से निकालने पड़ गए थे। ठंड का असर देर तक चलता रहा। सोमवार को अधिकतम तापमान बढ़कर 32.5 डिग्री पर पहुंच गया। रात का तापमान 2.5 डिग्री सेल्सियस बढ़कर 12.5 डिग्री दर्ज किया गया। दिन और रात के तापमान में वृद्धि के कारण अब गर्मी की आहट शुरू हो गई है। गत वर्ष 11 मार्च को अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को आसमान साफ रहेगा। 13 मार्च को एक बार फिर बादल छा सकते हैं। बरसात की अभी कोई संभावना नहीं है।

आसमान में बादल बढ़ा रहे किसानों की धड़कन

इस समय किसान खेतों में सरसों की कटाई में व्यस्त हैं। अगेती सरसों मंडियों में पहुंच रही है। गेहूं की फसल में दाना बनना शुरू हो गया है। किसान पछेती सरसों काटने और निकालने में लगे हुए हैं। अभी तक दोनों प्रमुख फसलों को मौसम से कोई नुकसान नहीं हुआ है। मौसम का ठंडा मिजाज गेहूं के लिए काफी फायदेमंद साबित हो रहा है। बीच-बीच में आसमान में छाने वाले बादल बरसात या ओलावृष्टि की आशंका किसानों की धड़कने बढ़ाने लगती हैं। कृषि विशेषज्ञों के अनुसार कुछ दिन तापमान में ज्याद वृद्धि नहीं हुई तो इससे गेहूं का अच्छा उत्पादन होने की पूरी संभावना रहेगी।