Logo
हरियाणा एनसीआर दिल्ली से मानसून की विदाई आधिकारिक तौर पर हो गई है। वर्तमान में पश्चिमी राजस्थान पर एक प्रति चक्रवातीय सर्कुलेशन बना हुआ है। जिसकी वजह से सम्पूर्ण इलाके में लगातार तेज गति से पश्चिमी गर्म हवाएं चल रही है, जो लगातार वातावरण से नमी को सोख रही है।

हरियाणा: आखिरकार बुधवार को उत्तर भारत के बड़े इलाके विशेषकर हरियाणा एनसीआर दिल्ली से मानसून की विदाई आधिकारिक तौर पर हो गई है। वर्तमान में पश्चिमी राजस्थान पर एक प्रति चक्रवातीय सर्कुलेशन बना हुआ है। जिसकी वजह से सम्पूर्ण इलाके में लगातार तेज गति से पश्चिमी गर्म हवाएं चल रही है, जो लगातार वातावरण से नमी को सोख रही है। बता दें कि जिस तरह मानसून की समय से पहले धमाकेदार एंट्री हुई, उसी तरह इस साल मानसून की वापिसी भी लेट है, जो पिछले सात साल से लगातार बना हुआ है। इसी तरह वर्ष 2017 का मानसून अब तक का सबसे जल्दी जाने वाला मानसून के रूप में रिकॉर्ड दर्ज है।

मानसून सामान्य से 5 प्रतिशत रहा कम

बता दें कि इस बार हरियाणा में मानसून सामान्य से पांच प्रतिशत कम रहा। हरियाणा के दक्षिणी हिस्सों में ज्यादातर जिलों में मानसून सामान्य से अधिक रहा, जबकि पश्चिमी जिलों में सामान्य से नीचे, जबकि शेष हरियाणा के जिलों में मानसून सामान्य के आसपास बना रहा। उत्तरी जिलों में सितंबर महीने की बारिश ने सामान्य से अधिक बारिश दर्ज करवाई। हरियाणा में मानसून सीजन एक जून से 30 सितम्बर के दौरान कुल 409.4 एमएम बारिश दर्ज हुई, जबकि इस दौरान राज्य में सामान्य 430.1 एमएम बारिश होती है, जो सामान्य से पांच प्रतिशत कम है। हरियाणा एनसीआर दिल्ली में मानसून की विदाई सम्मान जनक रही।

अक्टूबर में मौसम का पूर्वानुमान

मौसम विशेषज्ञ डॉ. चन्द्र मोहन ने बताया कि अक्टूबर महीने में आने वाले दिनों में पांच से छह पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होंगे। इसमें से दो तीन पश्चिमी विक्षोभ से आने वाले दिनों में हरियाणा एनसीआर दिल्ली में हल्की बारिश व बूंदाबांदी देखने को मिलेगी। अक्टूबर महीने के पहले पखवाड़े में तापमान में बढ़ोतरी होगी, जिससे तापमान सामान्य से अधिक रहेगा, जबकि दूसरे पखवाड़े के अन्तिम सप्ताह में हरियाणा एनसीआर दिल्ली से तापमान में हल्की गिरावट देखने को मिलेगी और धीरे धीरे आमजन को सुबह के समय मीठी ठंड महसूस होने लगेगी। हालांकि नौ व उसके बाद 15 अक्टूबर को एक के बाद एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों पर सक्रिय होने से चार, पांच, नौ, दस और 15 व 16 अक्टूबर को हरियाणा एनसीआर दिल्ली में मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा।

हरियाणा एनसीअर में ऐसा रहेगा मौसम

पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण तेज गति से हवा चलेगी व कहीं कहीं हल्की बारिश व छिटपुट बूंदाबांदी होगी। इसके अलावा बंगाल की खाड़ी व अरब सागर पर भी हलचल की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता। जिसका आंशिक असर भी हरियाणा एनसीआर दिल्ली पर देखने को मिलेगा। हरियाणा एनसीआर दिल्ली में अधिकतर स्थानों पर तापमान सामान्य से अधिक बने हुए हैं, जबकि जिला महेंद्रगढ़ में दिन व रात के तापमान 37.5 व 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

5379487