Weather: हरियाणा एनसीआर दिल्ली में सबसे ठंडा रहा नारनौल, रात्रि तापमान 6 डिग्री सेल्सियस पहुंचा 

Vehicles moving on the road in fog
X
धुंध में सड़क पर चलते वाहन। 
हरियाणा में लगातार हाड़कंपा देने वाली ठंड का सितम देखने को मिला। कोहरा, कोल्ड-डे, ठंडी हवाएं चलने से रात्रि तापमान कम हो रहा है। शीतलहर अपने प्रचण्ड तेवर दिखा रही है।

Haryana: हरियाणा में लगातार हाड़कंपा देने वाली ठंड का सितम देखने को मिल रहा है। कोहरा, कोल्ड-डे के साथ ही ठंडी हवाएं चलने से रात्रि तापमान में गिरावट दर्ज हो रही है। संपूर्ण इलाके में रात्रि तापमान एकल संख्या में बने हुए। वहीं शीतलहर अपने प्रचण्ड तेवरों से आगाज किए हुए है, जिससे आमजन कड़ाके की ठंड से ठिठुरने को मजबूर हैं। वहीं नारनौल की रात सम्पूर्ण हरियाणा एनसीआर दिल्ली में सबसे ठंडी रही। यहां का रात्रि तापमान 6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य तापमान से 1.4 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज है।

पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से बन रहा प्रेरित चक्रवातीय

वर्तमान में एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से एक प्रेरित चक्रवातीय सरकुलेशन पूर्वी राजस्थान, उत्तरी मध्यप्रदेश व दक्षिणी उत्तरप्रदेश पर बना हुआ है। इस मौसम प्रणाली का हरियाणा एनसीआर दिल्ली पर केवल दक्षिणोत्तर हिस्सों होडल, मेवात, पलवल जिलों में छिटपुट बूंदाबांदी हुई, जबकि दक्षिणी जिलों में लगातार नमी की मात्रा में बढ़ोतरी होने से कोहरे के घनत्व में फिर से बढ़ोतरी हुई है। जिसकी वजह से वातावरण के ऊपरी और निचले स्तर पर कोहरे ने अपना रंग दिखाया।

कोहरे के साथ ओस की गिरी फुहार

मंगलवार को अलसुबह सम्पूर्ण इलाके में सघन कोहरे के साथ ओस की फुहार पड़ी। जिसकी वजह से सुबह खुले स्थानों, सड़कों, खेत-खलिहानों व घरों की छत भीगी हुई मिली। वहीं ओस की बूंदों के कारण आमजन के कपड़े भी भीग गए। राहगीरों के चेहरे पर ओस की बूंदें फुहार की तरह पड़ रही थी। ओस की बूंदों से बाइक चलाने वालों को भी परेशानी हुई। मंगलवार हरियाणा एनसीआर दिल्ली में अधिकतर स्थानों पर रात्रि तापमान 6.0 डिग्री सेल्सियस से 9.0 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया, जबकि नारनौल की रात सम्पूर्ण हरियाणा एनसीआर दिल्ली में सबसे ठंडी रही। पूरे प्रदेश में कोल्ड-डे व कुछ स्थानों पर गंभीर कोल्ड डे की स्थिति बनी रही।

फिर चलेंगी उत्तरी बर्फीली हवाएं

मौसम विशेषज्ञ डॉ. चन्द्रमोहन ने बताया कि मंगलवार को नारनौल व महेंद्रगढ़ में दिन तथा रात के तापमान में ज्यादा अंतर नहीं रहा। जिसकी वजह से आमजन को हाड़कंपा देने वाली ठंड में ठिठुरने से मजबूर होना पड़ा। बुधवार को यह कमजोर पश्चिमी विक्षोभ आगे निकल जाएगा। जिसकी वजह से एक बार फिर प्रदेश में हवाएं उत्तरी बर्फीली चलने लगेगी। इसकी वजह से आने वाले दिनों में कड़ाके की हाड़कंपा देने वाली ठंड से राहत के आसार नहीं देखने को मिल रहे। सम्पूर्ण इलाके में अभी नमी में प्रचुरता होने की वजह से कोहरा, कोल्ड-डे व कोल्ड वेब अपने प्रचण्ड तेवर दिखाती रहेगी।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo
Next Story