Woman Died in Fatehabad: हरियाणा के फतेहाबाद के रतिया क्षेत्र के निजी अस्पताल में एक महिला का इलाज चल रहा था। देर रात महिला की मौत हो गई। मृतका के परिजनों का कहना है कि डॉक्टर और स्टाफ की लापरवाही की वजह से महिला की मौत हुई है। आक्रोशित परिजनों ने डॉक्टर और स्टाफ पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरु कर दिया। परिजनों का कहना है कि मृतका को तेज बुखार था, रात में उसे कंपाउंडर ने इंजेक्शन दिया था। लेकिन दो मिनट बाद महिला की मौत हो गई। जिसके बाद स्टाफ व डॉक्टर मौके से फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने अस्पताल पर ताला लगा दिया।

डॉक्टर और स्टाफ पर लापरवाही का आरोप

जानकारी के अनुसार रतिया के पुराना बाजार की रहने वाली 55 साल की शीला रानी को तेज बुखार था। शीला के परिजन उसका इलाज कराने के लिए टोहाना रोड पर सहारा अस्पताल में लेकर आए थे। जिसके बाद शीला को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कर दिया गया। परिजनों ने अपने बयान में बताया कि करीब डेढ़ बजे महिला के प्लेटलेट्स कम होने लगे थे। इसके बाद डॉक्टर के कहने पर कंपाउंडर ने महिला को इंजेक्शन लगा दिया। परिजनों ने बताया कि इंजेक्शन लगाने के बाद महिला की तबीयत बिगड़ गई और तुरंत ही उसने दम तोड़ दिया।

डॉक्टर और स्टाफ के खिलाफ हंगामा

परिजनों का आरोप है कि महिला की मौत के तुरंत बाद वहां मौजूद दो स्टाफ कर्मी व डॉक्टर अस्पताल छोड़कर चले गए। इसके बाद परिजनों ने डॉक्टर और स्टाफ के खिलाफ हंगामा शुरू कर दिया। घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने परिजनों को समझाया और सुरक्षा को ध्यान में रखकर अस्पताल के गेट पर ताला लगा दिया। पुलिस ने अस्पताल के बाहर लिखे नंबरों से डॉक्टर से संपर्क करने की कोशिश की लेकिन संपर्क नहीं हो पाया। 

Also Read: गुरुग्राम में नौकर ने की मालिक की हत्या, सैलरी न देने पर वारदात को दिया अंजाम, पुलिस ने दबोचा

थाना प्रभारी जय सिंह का बयान

इस मामले में  रतिया शहर थाना प्रभारी जय सिंह ने बताया कि अस्पताल में महिला की मौत की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची गई थी। उन्होंने बताया कि इस मामले में जांच प्रक्रिया जारी है और फिलहाल सुरक्षा को देखते हुए अस्पताल को बंद किया गया है।