Yamunanagar: जगाधरी के रक्षक विहार नाके के पास स्थित शिबू मैटल फैक्टरी में एक युवक ने नुकीली वस्तु से नाबालिग की छाती चीरते हुए हत्या कर दी। मृतक करीब एक सप्ताह से फैक्टरी में काम पर जाने लगा था। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने मृतक नाबालिग के परिजनों की शिकायत पर आरोपी युवक के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया। पुलिस मामले में जांच पड़ताल कर रही है।

फैक्टरी में आरोपी ने दिया वारदात को अंजाम

जानकारी अनुसार बिहार के जिला सिवान के गांव रामपुर निकरी निवासी रिंकू ने बताया कि वह अपने परिवार के साथ सेक्टर-18 हुडा में रहता है। उसका 16 वर्षीय लड़का अमन रक्षक विहार नाके के पास स्थित शिबू मैटल फैक्टरी में काम करता था। वह करीब एक सप्ताह पहले ही काम पर जाने लगा था। उसी फैक्टरी में उनके पड़ोस में रहने वाला युवक राजीव भी काम करता है। शुक्रवार को उसका लड़का फैक्टरी में काम पर गया था। शाम करीब छह बजे उसे सूचना मिली कि उसके लड़के अमन को राजीव ने चोट मार दी। सूचना मिलते ही वह फैक्टरी में गया। उसने देखा कि उसका लड़का चारपाई पर पड़ा था और उसकी छाती से खून निकल रहा था।

छाती में वार करने से युवक की हुई मृत्यु 

मृतक के पिता रिंकू ने बताया कि वह अपने घायल बेटे को लेकर सिविल अस्पताल जगाधरी गया, जहां से चिकित्सकों ने उसे रैफर कर दिया। इसके बाद वह अमन को शहर के निजी अस्पताल में लेकर गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसके लड़के को मृत घोषित कर दिया। उसने आरोप लगाया कि राजीव ने उसके लड़के की छाती पर नुकीली चीज से वार कर उसकी हत्या की है। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने आरोपी राजीव के खिलाफ हत्या के आरोप में केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस मामले में आरोपी की तलाश कर रही है।