Haryana Assembly Election 2024: चुनाव आयोग आज हरियाणा विधानसभा चुनावों की तारीख (Haryana Assembly Election 2024 date) का ऐलान कर सकता है। इससे पहले हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस 'हरियाणा मांगे हिसाब यात्रा' प्रदेश की जनता में झूठ फैला रही है। बीजेपी के 10 सालों का हिसाब मांगा जा रहा है जबकि, कांग्रेस ने सत्ता में रहते हुए कोई काम नहीं किया। कांग्रेस को अपने कामों का हिसाब जनता को देना चाहिए। इसके अलावा सीएम ने प्रदेश के किसानों के लिए मुआवजे की 525 करोड़ रुपये की पहली किस्त जारी कर दी है। 

दरअसल, हाल ही में सैनी कैबिनेट ने फैसला लिया था कि कम बारिश से जिन किसानों की फसलों पर असर पड़ा है। उन किसानों को प्रदेश सरकार की ओर से 2,000 रुपये प्रति एकड़ की दर से बोनस के रूप में मुआवजा दिया जाएगा। इसी के चलते सीएम ने शुक्रवार को 525 करोड़ रुपये की पहली किस्त जारी कर दी है। यह राशि आज शाम तक किसानों के खाते में पहुंच जाएगी। सीएम ने कहा कि यह मुआवजा उन किसानों को मिलेगा। जिन्होंने पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन कराया है। 

'हरियाणा मांगे हिसाब यात्रा' से झूठ फैला रही कांग्रेस

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शुक्रवार को एक प्रेसवार्ता की। इसमें उन्होंने हर मुद्दे पर कांग्रेस को घेरने की कोशिश की। सीएम ने कहा कि जब विपक्षी दल जब सत्ता में था तो किसानों को मुआवजे के रूप में मामूली राशि दी जाती थी। आज वह बीजेपी से हिसाब मांग रहे हैं। 'हरियाणा मांगे हिसाब यात्रा' निकालकर झूठ फैलाया जा रहा है। 

10 सालों में बीजेपी ने किया किसानों के लिए काम 

सीएम नायब सिंह सैनी ने कहा कि राज्य में बीजेपी सरकार ने पिछले 10 सालों में किसानों के कल्याण के लिए कई कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस किसानों के नाम पर केवल घड़ियाली आंसू बहाती रहती है। कांग्रेस को बताना चाहिए कि 2005-2014 के बीच 10 सालों में किसानों से कितनी फसल MSP पर खरीदी। 

सीएम सैनी ने कहा कि जब कांग्रेस सत्ता में थी तो किसानों को उनकी फसल क्षति के लिए 2 रुपये और 5 रुपये की मामूली राशि के चेक सौंपा करती थी। जबकि, बीजेपी सरकार ने पिछले 10 सालों में किसानों को फसल क्षति के मुआवजे के रूप में करीब 13,276 करोड़ रुपये की राशि दे चुकी है। 

कांग्रेस के समय में सड़कों पर फसलें फेंकते थे किसान

सीएम ने कहा कि कांग्रेस शासन के दौरान किसान अपनी उपज सड़कों पर फेंक देते थे क्योंकि उन्हें फसल के हिसाब से उसकी कीमत नहीं मिलती थी। सैनी ने कहा कि आज बीजेपी की सरकार में 72 घंटे के अंदर किसानों के बैंक खाते में भुगतान हो जाता है।

कांग्रेस ने बिल्डरों को बेची किसानों की जमीन 

सीएम ने आगे कहा कि जो लोग हमसे हिसाब मांग रहे हैं, मैं उन्हें आईना दिखाना चाहता हूं और बताना चाहता हूं कि हम कैसे फैसले ले रहे हैं। सैनी ने कहा कि कांग्रेस इन दिनों ईमानदारी का मुखौटा पहने हुए है, लेकिन हर कोई जानता है कि कैसे किसानों की जमीन सीएलयू (भूमि उपयोग में परिवर्तन) के नाम पर छीन ली गई और उन्हें बिल्डरों को सौंप दिया गया।