Panipat Murder case: पानीपत में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। दरअसल बीती रात आरोपी और महिला दोनों घर पर थे। महिला चारपाई पर लेटी हुई थी। आरोपी पति ने चारपाई के पास रखे डंडे से महिला के सिर पर तेज वार करके उसे मौत के घाट उतार दिया। इसके बाद आरोपी ने खुद पुलिस को कॉल करके घटना के बारे में बताया।

महिला की दिमागी हालत ठीक नहीं थी

पुलिस की तफ्तीश में यह पता चला है कि पूरा मामला पानीपत की दीनानाथ कॉलोनी का है। आरोपी का नाम लक्ष्मण है। उसकी पत्नी का नाम गीता है, जिसकी उम्र 68 साल है। गीता पिछले 22 सालों से दिमागी तौर पर अस्वस्थ थी। गीता का इलाज बहुत टाइम से चल रहा था। लेकिन उसकी हालत में कोई खास सुधार नहीं हो रहा था। आरोपी का कहना है कि वह अपनी पत्नी की बीमारी से परेशान हो गया था। वह उसे कई जगह से दवाई दिलवा रहा था, लेकिन इसके बाद भी वह ठीक नहीं हो रही थी। गीता की बीमारी से परेशान होकर लक्ष्मण ने यह खौफनाक कदम उठाया।  

रोज के तानों से परेशान था

लक्ष्मण के अलावा घर के दूसरे सदस्य गीता के बेटा-बहू भी उसकी बीमारी से परेशान हो गए थे। वह दोनों अक्सर लक्ष्मण और उसकी पत्नी को ताना मारा करत थे। उसे कहते थे कि वह दोनों उनके लिए बोझ है। इलाज पर इतना पैसा खर्च करने के बावजूद भी गीता की हालत में कोई खास सुधार नहीं हो रहा था। लक्ष्मण, अपने  बेटा-बहू के रोज के तानों से काफी परेशान हो गया था। रविवार की रात को जब गीता चारपाई पर सो रही थी। तब उसने चारपाई के पास रखे डंडे से गीता के सिर पर हमला कर दिया। जिसके बाद मौके पर ही गीता की मौत हो गई।

 Also Read: टीचर से परेशान 4 छात्रों ने रच डाली खुद के अपहरण की साजिश, पूरे शहर में मचा हड़कंप

आरोपी ने पुलिस को खुद फोन किया

वारदात के बाद आरोपी पति ने खुद पुलिस को फोन करके बताया कि वह अपनी पत्नी की बीमारी से परेशान था इसलिए उसने अपनी पत्नी की हत्या कर दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भिजवा दिया गया है। पुलिस ने महिला के मायका पक्ष की शिकायत के आधार पर आरोपी पति, बेटा-बहू के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है।