रेवाड़ी: पिछले पांच दिन से रात के तापमान में लगातार गिरावट आना शुरू हो गया है। दिन के तापमान में अभी ज्यादा बदलाव नहीं आ रहा। रात के तापमान में गिरावट सर्दी की दस्तक का संकेत हैं। मौसम विभाग के अनुसार अगले सप्ताह मौसम में बदलाव आने की संभावना है। बरसात आने की अभी कोई संभावना नजर नहीं आ रही। अक्टूबर के पहले सप्ताह से ही मौसम का मिजाज गर्म होना शुरू हो गया था, जिसके बाद दिन का तापमान 38.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। लेकिन पांच दिन से दिन व रात के तापमान में लगातार गिरावट आने से ठंडक का अहसास होने लगा है।

एसी कूलर की प्रयोग हुआ कम

शुक्रवार रात का तापमान पहली बार 18 डिग्री सेल्सियस पर आ गया तथा दिन का तापमान 34.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान के गिरने से रात के समय ठंड ने अहसास कराना शुरू कर दिया है। शुक्रवार को न्यूनतम तापमान में 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। अधिकतम तापमान में 0.5 डिग्री की मामूली कमी आई। दिन के समय अभी गर्मी का अहसास हो रहा है। तापमान में गिरावट के बाद लोगों ने एसी और कूलर का इस्तेमाल कम कर दिया है। मौसम विभाग के अनुसार अभी कुछ दिन तक बरसात के आसार नहीं हैं। आसमान में बीच बीच में बादल छाने की संभावना है।

मौसम ठंडा होने से किसानों को राहत

मौसम ठंडा होने के साथ ही प्रदूषण की समस्या शुरू हो जाती है। ठंडे मौसम में प्रदूषण के कारक तत्व वायुमंडल में जमीन के आसपास ही बने रहते हैं, जिससे वायु की गुणवत्ता में कमी आ जाती है। दूसरी ओर मौमस ठंडा होने से किसानों को काफी राहत मिलेगी। सरसों उत्पादक किसानों को मौसम गर्म होने से सरसों की बिजाई में परेशानी हो रही थी। मौसम ठंडा होने के बाद किसान सरसों की बिजाई कर सकते हैं। जिले में इस बार लगभग 75 हजार हेक्टेयर भूमि पर सरसों की बिजाई का अनुमान है। कुछ किसानों ने अक्टूबर के पहले सप्ताह में सरसों की बिजाई शुरू कर दी थी। किसानों के खेत बिजाई के लिए तैयार हैं।