रेवाड़ी के थाना खोल अंतर्गत एक गांव में दुष्कर्म पीड़िता की मंगलवार रात मारपीट करने के बाद गला दबाकर हत्या कर दी गई। सीसीटीवी फुटेज में हत्यारा सूट-सलवार पहने नजर आ रहा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेने के बाद पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिया। हत्या का केस दर्ज करने के बाद पुलिस ने मामले की जांच और आरोपी की तलाश शुरू कर दी।

रेवाड़ी में दुष्कर्म पीड़िता की गला दबाकर हत्या

दरअसल, 35 वर्षीय महिला ने गत 16 जुलाई को अपने गांव के युवक पर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया था। पुलिस ने महिला का मेडिकल कराने के बाद आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म का केस दर्ज करते हुए उसकी तलाश शुरू की थी। बताया जा रहा है कि केस दर्ज होने से पहले ही आरोपी महिला पर शिकायत वापस लेने का दबाव बनाते हुए उसे धमकी दे रहा था।

इस दौरान मंगलवार को महिला का भाई उसके घर आया हुआ था। उसका पति रात को नौकरी करने के लिए चला गया। दोनों भाई-बहन अलग-अलग कमरे में सोए हुए थे। आधी रात को महिला के भाई को उसकी बहन की चीख सुनाई दी। उसने बाहर आने का प्रयास किया, तो उसके कमरे की बाहर से कुंडी लगी हुई थी। उसने शोर मचाया तो पड़ोस के लोग वहां पहुंच गए।

उन्होंने महिला के भाई के कमरे की कुंडी खोलकर महिला के कमरे में जाकर देखा तो वह अचेतावस्था में पड़ी हुई थी। उसके शरीर पर चोट के निशान थे। महिला को ट्रॉमा सेंटर लाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।

सूट-सलवार में नजर आया आरोपी

दुष्कर्म पीड़िता के मर्डर की सूचना मिलने के बाद थाना खोल पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने महिला के मकान के पास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज चेक की, तो उसमें सूट-सलवार पहने एक युवक उसके घर से निकलता दिखाई दिया। चेहरा ढका होने के कारण आरोपी की पहचान नहीं हो पा रही थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी।

दर्ज कराया गया था दुष्कर्म का केस

एसएचओ प्रहलाद सिंह ने बताया कि महिला ने 16 जुलाई को ही गांव के युवक सुधीर पर छेड़छाड़ करने के बाद दुष्कर्म करने का आरोप लगाया था। उसकी शिकायत पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया गया था, लेकिन उसकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी थी। परिजनों का आरोप है कि केस दर्ज होने के बाद से ही सुधीर महिला को केस वापस लेने के लिए धमकियां दे रहा था।

एसपी से की थी परिजनों ने मुलाकात

केस दर्ज कराने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया था। परिजनों का आरोप है कि दुष्कर्म की वारदात को अंजाम देने वाले सुधीर पर पहले भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह महिला को लगातार धमकियां दे रहा था। इसके बावजूद उसकी गिरफ्तारी नहीं होने पर परिजनों ने एसपी से मिलकर गिरफ्तारी की मांग की थी। इसके लिए कोर्ट में याचिका भी दायर की गई थी, जिस पर 31 जुलाई को ही सुनवाई होनी थी।