Logo
हरियाणा के सोनीपत में डॉ. अरविंद शर्मा गोहाना से चुनाव जीतकर पहली बार विधायक बने और नायब सैनी सरकार में पहली बार में ही कैबिनेट मंत्री भी बन गए। डॉ. अरविंद शर्मा ने संसद के बाद अब हरियाणा विधानसभा में नई पारी खेलने की शुरूआत कर दी है।

सोनीपत: विधानसभा चुनावों में पैराशूट से गोहाना में उतारे गए डॉ. अरविंद शर्मा ने संसद के बाद अब विधानसभा की पारी का आगाज कर दिया है। गोहाना में लगातार चार बार के कांग्रेसी विधायक जगबीर मलिक को पटखनी देने वाले डॉ. अरविंद शर्मा को प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री के तौर पर जगह दी गई है। नायब सरकार में कैबिनेट मंत्री के तौर पर जगह मिलने के साथ-साथ सोनीपत को तो तवज्जो मिली है। वहीं ब्राह्मण समुदाय को भी प्रतिनिधित्व दिया गया है। कमाल की बात ये है कि चार बार के सांसद डॉ. अरविंद शर्मा पहली बार विधायक बनकर विधानसभा में पहुंचे और मंत्री भी बन गए हैं।

1996 में शुरू किया राजनीतिक सफर

बता दें कि डॉ. अरविंद शर्मा मूल रूप से झज्जर के एमपी माजरा के रहने वाले हैं। 1962 में जन्मे डॉ. अरविंद शर्मा का राजनीतिक कैरियर काफी लंबा रहा है, लेकिन विधायक के तौर पर पहली बार चुने गए हैं। दो बार लगातार करनाल लोकसभा सीट से सांसद चुने गए डॉ. अरविंद शर्मा पहली बार सोनीपत से ही सांसद बने थे। 1996 के चुनावों में डॉ. अरविंद शर्मा ने निर्दलीय जीत दर्ज की थी। समता पार्टी के रिजकराम को 47 हजार 540 मतों से हराने वाले डॉ. अरविंद शर्मा ने इसके बाद अपनी कर्मस्थली करनाल लोकसभा सीट को बनाया था। जहां से 14वीं और 15वीं लोकसभा के लिए लगातार दो बार सांसद चुने गए। इसके बाद 17वीं लोकसभा के लिए रोहतक से सांसद बने थे।

बसपा के लिए मुख्यमंत्री का था चेहरा

डॉ. अरविंद शर्मा ने 2004 के चुनावों से पहले कांग्रेस ज्वाइन कर ली थी। कांग्रेस की टिकट पर करनाल लोकसभा सीट से 2004 और 2009 में सांसद चुने गए। 2014 के चुनावों में भाजपा के अश्वनी मीणा के सामने रिकॉर्ड अंतर से हारने के बाद कांग्रेस छोड़ दी। बसपा ज्वाइन की और 2014 के विधानसभा चुनावों में पार्टी की ओर से मुख्यमंत्री पद के दावेदार रहे। लेकिन यमुनानगर और जुलाना दोनों जगहों से चुनाव हार गए। 2019 में भाजपा ज्वाइन की और रोहतक लोकसभा से चुनाव लड़ा। कांग्रेस के दीपेंद्र हुड्डा को 7 हजार 503 मतों के अंतर से हराया। हालांकि 2024 के लोकसभा चुनावों में कांग्रेस के दीपेंद्र हुड्डा ने डॉ. अरविंद शर्मा को 3,45,298 मतों से पराजित कर दिया।

हुड्डा के गढ़ में लगा रहे हैं सेंध

कांग्रेस में रहते हुए बड़े ब्राह्मण नेता के तौर पर खुद को स्थापित कर चुके डॉ. अरविंद शर्मा को 2014 के विधानसभा चुनावों में झटका लगा था। लेकिन इसके बाद 2019 में भाजपा ज्वाइन की। भाजपा की टिकट पर उन्होंने रोहतक लोकसभा से कांग्रेस के दीपेंद्र हुड्डा को मात दी। रोहतक लोकसभा सीट पर हुड्डा परिवार का 1991 से दबदबा है। इसके बावजूद रोहतक से पहली बार कमल खिलाने में कामयाब रहे। वहीं गोहाना में भी लगातार चार बार के विधायक धर्मपाल मलिक को पटखनी देकर डॉ. अरविंद शर्मा ने पहली बार कमल खिलाने का कीर्तिमान बनाया। इस तरह से पिछले पांच सालों से डॉ. अरविंद शर्मा के जरिये भाजपा द्वारा लगातार हुड्डा के गढ़ में सेंध लगाई जा रही है।

5379487