यमुनानगर: शहर के कमानी चौक स्थित रिलायंस पेट्रोल पंप के पास कार की टक्कर लगने से थ्री व्हीलर सवार एक लड़की की मौत हो गई, जबकि दो महिला घायल हो गई। घायलों का इलाज अस्पताल में चल रहा है। सभी लोग थ्री व्हीलर में सवार होकर देर शाम शहर के गांधी नगर थाने में किसी काम से जा रहे थे। पुलिस ने मामले की जांच के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।

गांधी नगर थाने में जा रहे थे घायल

जानकारी अनुसार ममीदी निवासी राजन ने बताया कि वह थ्री व्हीलर चलाता है। वह अपने आठ वर्षीय लड़के रोहित, पत्नी मीना, मामी नीलू, उत्तर निवासी अपने जीजा कुलदीप व ममीदी निवासी खुशी के साथ थ्री व्हीलर में किसी काम से गांधी नगर थाने में जा रहे थे। जब वह कमानी चौक के पास रिलायंस पेट्रोल पंप के पास पहुंचे तो तेज गति से आ रही कार ने उसके थ्री व्हीलर को टक्कर मार दी। हादसे में खुशी थ्री व्हीलर से नीचे जा गिरी और गंभीर रूप से घायल हो गई। जबकि उसकी पत्नी मीना, जीजा कुलदीप व अन्य को भी चोटें आई। आरोपी कार चालक मौके से फरार हो गया।

एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल पहुंचे घायल

सड़क हादसे में घायल लोगों को एंबुलेंस की सहायता से सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां चिकित्सकों ने अधिक चोटें लगी होने के कारण लड़की खुशी को मृत घोषित कर दिया। जबकि अन्य का इलाज अस्पताल में चल रहा है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस आरोपी कार चालक की तलाश कर रही है।