यमुनानगर: पंचकूला कलानौर नेशनल हाईवे पर गांव दुसानी के पास बीती रात कार की टक्कर लगने से एक्टिवा सवार मामा-भांजा की मौत हो गई। दोनों मृतक चंडीगढ़ के एक होटल में नौकरी करते थे। रात को दोनों एक्टिवा पर चंडीगढ़ से अपने घर लौट रहे थे। पुलिस ने दोनों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।

रात को घर लौटते समय हुआ हादसा

गांव दुसानी निवासी सन्नी कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह निजी काम से यमुनानगर गया था। रात को करीब ढाई बजे जब वह वापस घर लौट रहा था तो उसके आगे एक एक्टिवा चल रही थी, जिस पर दो युवक सवार थे। जब वह पंचकूला कलानौर नेशनल हाइवे पर गांव दुसानी के पास पहुंचा तो उसके आगे चल रही एक्टिवा को तेज गति से आ रही कार ने टक्कर मार दी। हादसे में एक्टिवा पर सवार दोनों युवक नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद आरोपी कार चालक मौके से फरार हो गया।

उत्तराखंड के रहने वाले थे मृतक

हादसे के बाद आसपास के लोगों ने मौके पर पहुंचकर दोनों घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां दोनों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान उत्तराखंड के जिला टिहरी गढ़वाल के मैखेंडी निवासी 35 वर्षीय दिनेश कुमार व सांगडिया निवासी 32 वर्षीय मनोज कुमार के रूप में हुई। दोनों आपस में मामा-भांजा लगते थे। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।