यमुनानगर: साढौरा क्षेत्र की एक कॉलोनी में पड़ोस में रहने वाले एक व्यक्ति ने घर में घुसकर महिला के साथ जबरदस्ती दुष्कर्म किया। दुष्कर्म करने के बाद आरोपी ने पीड़ित महिला को जान से मारने की धमकी दी और मौके से फरार हो गया। पीड़िता ने मामले की शिकायत पुलिस को दी। पुलिस ने मामले की जांच के बाद आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।

घर में घुसकर किया दुष्कर्म

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार साढौरा की एक कॉलोनी निवासी महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 24 सितंबर को रात आठ बजे उसके परिवार के सभी सदस्य किसी काम से बाहर गए थे। उनके दो मकान आमने सामने है। एक मकान में उसके बच्चे सो रहे थे, जबकि वह दूसरे मकान में सामान लेने के लिए गई थी। इस दौरान उसके पड़ोस में रहने वाला बग्गा उनके घर में घुस गया। आरोपी ने उसे पीछे से पकड़ लिया और बेड पर गिराते हुए जबरदस्ती करने लगा। उसने विरोध भी किया, लेकिन आरोपी ने उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया।

जान से मारने की धमकी देकर आरोपी फरार

पीड़िता ने बताया कि जबरन दुष्कर्म करने के बाद जब उसकी सास मौके पर पहुंची तो उसकी सास ने आरोपी को पकड़ने का प्रयास भी किया, लेकिन आरोपी उसके हाथ नहीं आया। जाते समय आरोपी उन्हें जान से मारने की धमकी भी देकर गया। पीड़िता ने आरोपी के खिलाफ पुलिस में शिकायत दी। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस मामले में आरोपी की तलाश करते हुए संदिग्ध ठिकानों पर दबिश दे रही है। जल्द ही आरोपी को काबू कर मामले का खुलासा किया जाएगा।