Spanish Couple World Motorcycle Journey: झारखंड में सामूहिक बलात्कार की शिकार स्पैनिश महिला और उसका पति सदमे में हैं। पीड़िता ने सोशल मीडिया के इंस्टाग्राम पर अपनी पीड़ा साझा की। जिसमें कहा, 'मेरे साथ जो हुआ, हम नहीं चाहेंगे कि वैसा किसी के साथ हो। सात लोगों ने मेरे साथ रेप किया। उन लोगों ने हमें पीटा और लूटपाट की। इससे अधिक उन लोगों ने और कुछ नहीं किया गया, क्योंकि वे सिर्फ मेरा बलात्कार करना चाहते थे। हम लोग अस्पताल में पुलिस के साथ हैं। यह घटना हमारे साथ भारत में हुई है। 

महिला ने दावा किया कि पुलिस ने मुझसे पोस्ट न करने की हिदायत दी है। ताकि जांच में बाधा न आए। अपने चेहरे पर चोट का जिक्र करते हुए महिला ने कहा कि मेरा चेहरा अब ऐसा दिखता है। चेहरे पर कई जगह चोट है। लेकिन मेरे साथ जो हुआ, उससे कहीं अधिक दुख होता है। रात में हम पर हमला किया गया, मुझे लगा था कि हम मरने वाले हैं। भगवान का शुक्र है कि हम जीवित हैं।

Spanish Couple

अब तक स्पैनिश जोड़े ने 63 देशों का किया भ्रमण
दरअसल, ब्राजील मूल की स्पैनिश महिला अपने पति के साथ भारत पहुंची हैं। दोनों बाइकर्स हैं। लगभग पांच साल पहले स्पेनिश जोड़े ने बाइक के जरिए दुनिया की यात्रा पर निकले हैं। 63 देशों और 170,000 किलोमीटर की यात्रा के बाद झारखंड की राजधानी रांची से लगभग 300 किलोमीटर दूर दुमका में ठहरे थे, जहां उनके साथ वारदात हुई। 28 वर्षीय महिला के साथ कथित तौर पर सात लोगों ने तब सामूहिक बलात्कार किया, जब वह अपने साथी के साथ एक अस्थायी तंबू में रात बिता रही थीं।

बांग्लादेश से होते हुए दुमका पहुंचे जोड़े को बिहार से होते हुए नेपाल पहुंचना था। पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। तीन अन्य आरोपियों की पहचान कर ली गई है। पुलिस का दावा है कि जल्द उन्हें भी पकड़ लिया जाएगा। जांच के लिए एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया है।

दुमका के पुलिस अधीक्षक पीतांबर सिंह खेरवार ने कहा कि पीड़िता और उसके पति का वर्तमान में दुमका के फुलो झानो मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में इलाज चल रहा है। हालांकि दोनों खतरे से बाहर हैं।

एनसीडब्ल्यू अध्यक्ष ने की मुलाकात
राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) ने दुमका का दौरा किया। अध्यक्ष रेखा शर्मा ने पीड़िता से संपर्क कर सहायता का वादा किया है। वहीं, विपक्ष द्वारा दुमका पुलिस अधीक्षक को निलंबित करने की मांग की गई है। 

सांसद निशिकांत दुबे का सरकार पर हमला
भाजपा ने झारखंड सरकार पर निशाना साधा है। भाजपा सांसद निशिकांत दुबे अपने संसदीय क्षेत्र में हुई वारदात पर दुख जाहिर किया है। उन्होंने आरोप लगाया है कि चंपई सोरेन की सरकार ने बिना ट्रेनिंग दिए पुलिस कर्मियों को तैनात कर रखा है। जिसका असर लॉ एंड ऑर्डर पर पड़ रहा है। उन्होंने पुलिस वालों को ही जेल भेजने की मांग उठाई है।