भोपाल। सिवनी में एक अनोखा मामला सामने आया है। शादी के बाद विदाई होते ही दुल्हन अपने दूल्हे और बारात को लेकर परीक्षा देने कॉलेज पहुंच गई। दूल्हे और बाराती कॉलेज के बाहर तीन घंटे तक दुल्हन का इंतजार करते रहे। परीक्षा देने के बाद दुल्हन बाहर आई। कॉलेज के प्राचार्य,  छात्र-छात्राओं और स्टाफ ने दुल्हन, दूल्हा और बारात का जोरदार स्वागत किया। खुशनुमा माहौल देखकर हर कोई हैरान रह गया। इसके बाद कॉलेल के प्राचार्य और स्टाफ ने दुल्हन पूजा को विदाई दी। 

परीक्षा की जानकारी मिलते ही कॉलेज वालों ने दी समझाइश 
सिवनी में रहने वाले सचिन यादव की शादी केवलारी की पूजा यादव के साथ हुई। सचिन बारात लेकर धूमधाम से दुल्हन पूजा यादव के गांव केवलारी पहुंचा। दोनों का धूमधाम से विवाह संपन्न हुआ। शादी के दूसरे दिन दुल्हन पूजा के MA प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा शासकीय महाविद्यालय केवलारी में होनी थी। जैसे ही दुल्हन पूजा की शादी और दूसरे दिन एग्जाम होने की जानकारी महाविद्यालय को मिली तो कॉलेज के प्राचार्य ने दुल्हन और दूल्हे के परिजनों को जानकारी दी और समझाइश देते हुए दुल्हन पूजा को एग्जाम दिलाने की बात कही। इसके बाद दूल्हा सचिन दुल्हन को लेकर कॉलेज पहुंचा। तब दुल्हन पूजा ने परीक्षा दी।

झारखंड में शादी के जोड़े में पेपर देती रही लड़की, पति करता रहा इंतजार 
हाल ही में ऐसा मामला झारखंड के बोकारो जिला के गोमिया प्रखंड में सामने आया था। गोमिया के तेनुघाट स्थित केबी कॉलेज में पढ़ने वाली छात्रा शिवानी पासवान की 01 मार्च 2023 को शादी हुई थी। 02 मार्च 2023 को विदा होकर ससुराल जाने वाली थी, लेकिन वह विदाई के बाद ससुराल जाने के बजाय परीक्षा देने केंद्र पर पहुंच गई। शादी के जोड़े में सजी शिवानी परीक्षा देती रही, पति और बाराती परीक्षा केंद्र के बाहर उसका इंतजार करते रहे।