MP Politics News: मध्यप्रदेश की सियासत से जुड़ी बड़ी खबर है। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के गढ़ छिंदवाड़ा की अमरवाड़ा विधानसभा सीट पर फिर से चुनाव होगा। निर्वाचन आयोग उपचुनाव की तारीखों का ऐलान जल्द करेगा। दरअसल, कमलेश शाह के विधानसभा की सदस्यता और कांग्रेस से इस्तीफा देने के बाद से यह सीट खाली हो गई है। राजपत्र में रिक्त सीट की अधिसूचना जारी की गई है। एमपी विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने कमलेश शाह का इस्तीफा मंजूर कर लिया है। 29 मार्च को बीजेपी ज्वाइन करने के बाद कमलेश शाह ने विधायक पद से इस्तीफा दिया था। जिसके बाद अब मध्य प्रदेश में कांग्रेस के पास केवल 65 सीटें ही बची हैं।

लगातार तीसरी बार चुनाव जीते कमलेश 
बता दें कि कमलेश शाह हर्रई राजघराने के सदस्य हैं। अमरवाड़ा विधानसभा सीट से 2023 में लगातार तीसरी बार विधायक निर्वाचित हुए थे। इससे पहले कमलेश 2018 और 2013 में भी कांग्रेस के टिकट पर चुनाव जीतकर विधायक बने। कमलनाथ के करीबी नेताओं में गिने जाते थे। 29 मार्च को कमलेश ने कांग्रेस से इस्तीफा देकर भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की थी। कमलेश ने बीजेपी में शामिल होने के बाद विधायक पद से इस्तीफा दिया था। अब उनका इस्तीफा मंजूर हो गया है। कमलेश के विधायकी छोड़ने के बाद अमरवाड़ा विधानसभा सीट खाली हो गई है। अब इस सीट पर फिर से चुनाव होगा।  

2023 के चुनाव में कांग्रेस ने जीती थीं 66 सीटें, अब 65 बचीं 
मध्य प्रदेश में 2023 में हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा ने कांग्रेस को बड़ी शिकस्त देकर सरकार बनाई। एमपी की 230 सीटों में से भाजपा ने 163 सीटें जीती। जबकि कांग्रेस 66 सीटें ही जीत पाई थी। एक सीट निर्दलीय उम्मीदवार के खाते में गई थी। अमरवाड़ा से कांग्रेस विधायक कमलेश शाह के विधायकी छोड़ने के बाद कांग्रेस के पास अब 65 सीट ही बची हैं। बता दें कि 2023 के चुनाव में कमलेश ने भाजपा की मोनिका मनमोहन शाह को हराया था।