Logo
Assembly By-Election 2024: भारत निर्वाचन आयोग ने मंगलवार (15 अक्टूबर) को विधानसभा उपचुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया है। मध्यप्रदेश की विजयपुर और बुदनी विधानसभा सीट पर 13 नवंबर को वोटिंग होगी। 23 नवंबर को नतीजे आएंगे। 

Assembly By-Election 2024: भारत निर्वाचन आयोग ने मंगलवार (15 अक्टूबर) को विधानसभा उपचुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया है। मध्यप्रदेश की विजयपुर और बुधनी विधानसभा सीट पर उपचुनाव की घोषणा हो गई है। दोनों सीटों पर 13 नवंबर को वोटिंग होगी और 23 नवंबर को नतीजे आएंगे। 2023 की मतदाता सूची के मुताबिक, बुधनी में 1.27 लाख पुरुष और 1.16 लाख महिला वोटर हैं। विजयपुर में 1.33 लाख पुरुष और 1.20 लाख महिला वोटर हैं। कहा जा रहा है कि एमपी में उपचुनाव के नतीजे इस बार चौंकाने वाले होंगे।

भाजपा से इन नेताओं के नाम की चर्चा 
उपचुनाव की घोषणा होने के साथ ही मध्यप्रदेश के सियासी गलियारों में हलचल तेज हो गई है। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान की सीट बुधनी से भाजपा के टिकट के लिए 4 नामों की चर्चा चल रही है। खबर है कि भाजपा ने वन विकास निगम के पूर्व अध्यक्ष गुरुप्रसाद शर्मा, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह के पुत्र कार्तिकेय सिंह, पूर्व सांसद रमाकांत भार्गव और पूर्व विधायक राजेंद्र चौहान का नाम केंद्रीय नेतृत्व को भेजा है। विजयपुर सीट से वन मंत्री रामनिवास रावत का नाम बीजेपी उम्मीदवार के तौर पर तय माना जा रहा है।

कांग्रेस से ये नेता कर रहे दावेदारी 
बुधनी सीट से पूर्व जनपद अध्यक्ष महेश राजपूत, पूर्व मंत्री राजकुमार पटेल, जिला पंचायत सदस्य कमलेश यादव, जितेंद्र उईके, धर्मेंद्र चौहान, अजय पटेल कांग्रेस से टिकट के लिए दावेदारी कर रहे हैं। फिलहाल कांग्रेस बुधनी में दमदार और असरदार उम्मीदवार खोज रही है। विजयपुर सीट से कांग्रेस आदिवासी उम्मीदवार पर दांव लगा सकती है। मुकेश मल्होत्रा का चर्चा में सबसे आगे हैं।

दोनों सीट इसलिए हुई खाली
कांग्रेस के टिकट पर विजयपुर रामनिवास ने 2023 के चुनाव में जीत दर्ज की थी। रामनिवास लोकसभा चुनाव के दौरान भाजपा में आ गए थे। उनके इस्तीफे के बाद से सीट खाली है। बुधनी सीट से शिवराज सिंह चौहान ने 2023 में विधानसभा चुनाव जीता था। विदिशा सीट से शिवराज लोकसभा का चुनाव लड़े और जीत दर्ज की। वर्तमान में शिवराज केंद्रीय मंत्री हैं। उनकी विधानसभा सीट बुधनी खाली है।  

इधर कांग्रेस ने गठित की कमेटी 
कांग्रेस विजयपुर और बुधनी में 14 अक्टूबर से 3 दिनों तक मंथन करेगी। जीतू पटवारी और अरुण यादव दिग्गजों के किले भेदने रणनीति बनाएंगे। रामनिवास रावत के विजयपुर विधानसभा क्षेत्र में जीतू पटवारी दो दिनों तक रहकर कांग्रेस के लिए मजबूत उम्मीदवार को लेकर चर्चा करेंगे। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के गढ़ बुधनी में पूर्व केन्द्रीय मंत्री अरुण यादव और सज्जन सिंह वर्मा कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर रहे हैं। 

विजयपुर: कार्यकर्ताओं के साथ कर रहे बैठक 
विजयपुर उपचुनाव के लिए बनाई गई समिति में AICC के सचिव और मध्य प्रदेश सह प्रभारी चंदन यादव, राज्यसभा सांसद अशोक सिंह, पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह, पूर्व मंत्री लाखन सिंह यादव, और नीटू सिकरवार शामिल हैं। सभी नेता विजयपुर विधानसभा के कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ मंथन कर रहे हैं। समिति स्थानीय जिला अध्यक्ष, ब्लाक अध्यक्ष, मंडल, सेक्टर, बूथ के कार्यकर्ताओं और नेताओं के साथ बैठक कर रही है। बैठक में विजयपुर विधानसभा में मजबूत प्रत्याशी के नामों पर चर्चा की जाएगी।

बुधनी में नब्ज टटोल रहे कांग्रेस के नेता 
बुधनी विधानसभा उपचुनाव के लिए पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव, पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा और पूर्व विधायक शैलेन्द्र पटेल बुधनी की नब्ज टटोल रहे हैं। अरुण यादव और सज्जन सिंह वर्मा बुधनी में कांग्रेस प्रत्याशी के चयन के लिए ब्लाक, मण्डल, सेक्टर और बूथ के नेताओं से प्रत्याशी के नामों को लेकर चर्चा कर रहे हैं। 

5379487