Assembly By-Election 2024: भारत निर्वाचन आयोग ने मंगलवार (15 अक्टूबर) को विधानसभा उपचुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया है। मध्यप्रदेश की विजयपुर और बुदनी विधानसभा सीट पर उपचुनाव की घोषणा हो गई है। दोनों सीटों पर 13 नवंबर को वोटिंग होगी और 23 नवंबर को नतीजे आएंगे। 

विजयपुर: भाजपा इस नेता को दे सकती है टिकट 
उपचुनाव को लेकर मध्यप्रदेश के सियासी गलियारों में हलचल तेज है। भाजपा ने दोनों सीटों पर प्रत्याशियों को लेकर विचार शुरू कर दिया है। सोमवार को सीएम डॉ. मोहन यादव और प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा की मौजूदगी में चुनाव समिति की बैठक हुई। सूत्रों के मुताबिक, बैठक में चर्चा हुई है कि विजयपुर से वन मंत्री रामनिवास रावत को उम्मीदवार बनाया जाए। 

बुधनी: इन चार लोगों के नाम की चर्चा 
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान की सीट बुधनी से 4 नामों की चर्चा चल रही है। खबर है कि भाजपा ने वन विकास निगम के पूर्व अध्यक्ष गुरुप्रसाद शर्मा, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह के पुत्र कार्तिकेय सिंह, पूर्व सांसद रमाकांत भार्गव और पूर्व विधायक राजेंद्र चौहान का नाम केंद्रीय नेतृत्व को भेजा है। 

दोनों सीट इसलिए हुई खाली
कांग्रेस के टिकट पर विजयपुर रामनिवास ने 2023 के चुनाव में जीत दर्ज की थी। रामनिवास लोकसभा चुनाव के दौरान भाजपा में आ गए थे। उनके इस्तीफे के बाद से सीट खाली है। बुधनी सीट से शिवराज सिंह चौहान ने 2023 में विधानसभा चुनाव जीता था। विदिशा सीट से शिवराज लोकसभा का चुनाव लड़े और जीत दर्ज की। वर्तमान में शिवराज केंद्रीय मंत्री हैं। उनकी विधानसभा सीट बुधनी खाली है।  

इधर कांग्रेस ने गठित की कमेटी 
कांग्रेस विजयपुर और बुधनी में 14 अक्टूबर से 3 दिनों तक मंथन करेगी। जीतू पटवारी और अरुण यादव दिग्गजों के किले भेदने रणनीति बनाएंगे। रामनिवास रावत के विजयपुर विधानसभा क्षेत्र में जीतू पटवारी दो दिनों तक रहकर कांग्रेस के लिए मजबूत उम्मीदवार को लेकर चर्चा करेंगे। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के गढ़ बुधनी में पूर्व केन्द्रीय मंत्री अरुण यादव और सज्जन सिंह वर्मा कार्यकर्ताओं के साथ 2 दिनों तक बैठक करेंगे।

विजयपुर: ये नेता संभालेंगे मोर्चा
विजयपुर उपचुनाव के लिए बनाई गई समिति में AICC के सचिव और मध्य प्रदेश सह प्रभारी चंदन यादव, राज्यसभा सांसद अशोक सिंह, पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह, पूर्व मंत्री लाखन सिंह यादव, और नीटू सिकरवार शामिल हैं। ये सभी नेता 14 और 15 अक्टूबर को विजयपुर विधानसभा के कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ मंथन करेंगे। समिति स्थानीय जिला अध्यक्ष, ब्लाक अध्यक्ष, मंडल, सेक्टर, बूथ के कार्यकर्ताओं और नेताओं के साथ बैठक करेगी, जिसमें विजयपुर विधानसभा में मजबूत प्रत्याशी के नामों पर चर्चा की जाएगी।

बुधनी: दो दिनों तक करेंगे मंथन
बुधनी विधानसभा उपचुनाव के लिए पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव, पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा और पूर्व विधायक शैलेन्द्र पटेल 14 और 15 अक्टूबर को 2 दिनों तक बुधनी में रहेंगे। अरुण यादव और सज्जन सिंह वर्मा बुधनी में कांग्रेस प्रत्याशी के चयन के लिए ब्लाक, मण्डल, सेक्टर और बूथ के नेताओं से प्रत्याशी के नामों को लेकर चर्चा करेंगे।