MP News:: मध्यप्रदेश के भिंड में फूड पॉइजनिंग के बाद हड़कंप मच गया। अटेर विधानसभा के क्यारीपुरा गांव में भंडारा खाने के बाद 50 से ज्यादा लोग बीमार हो गए। भंडारे का बासा खाना खाने से महिला की मौत हो गई। पांच की हालत गंभीर है। पांचों का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। डॉक्टर का कहना है फूड पॉइजनिंग से लोगों की तबीयत खराब हुई। 

जानें पूरा मामला 
अटेर के क्यारीपुरा में दशहरे पर शनिवार को भंडारे का आयोजन किया गया था। मातारानी के भंडारे में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। भंडारा खाने के बाद कई कई लोग भंडारे का भोजन घर ले गए थे। सोमवार को बासा खाना खा लिया, जिसके बाद तबीयत बिगड़ने लगी। सभी को सरकारी अस्पताल और निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। मंगलवार को 55 वर्षीय सुनीता भदौरिया की मौत हो गई। 

स्वास्थ्य विभाग की टीम पहुंची गांव 
बड़ी संख्या में लोगों के बीमार होने की सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम को क्यारीपुरा गांव पहुंची। टीम गांव में पहुंचकर भंडारे के भोजन के सैंपल लिए हैं। कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव ने मंगलवार को जिला अस्पताल में भर्ती मरीजों से बातचीत कर पूरे मामले को समझा।

आलू की सब्जी, पूड़ी, खीर बनी थी
बता दें कि माता के मंदिर पर भंडार 13 अक्टूबर को था। भंडारे में आलू की सब्जी, पूड़ी, खीर बनी थी। 14 अक्टूबर को बचा हुआ प्रसादी को लोगों ने ग्रहण किया। बासा खाना खाने से लोग बीमार हुए। बता दें कि भिंड जिला अस्पताल में रितु पत्नी नरोत्तम भदोरिया, आकांक्षा पुत्री राजकरण भदोरिया, सावित्री पत्नी छोटे सिंह भदोरिया, गीता पत्नी राजकरण भदौरिया और सुंदरम पुत्र राजकरण भदोरिया का इलाज चल रहा है।

जानें क्या बोले डॉक्टर
सिविल सर्जन आरके मिश्रा का कहना है भंडारे का प्रसाद खाने से लोग बीमार हुए हैं। सभी लोगों का इलाज चल रहा है। मौके पर एक टीम भेज दी गई है। टीम गांव के लोगों की जांच कर रही है। टीम ने बीमार लोगों को दवाइयां भी बांटी। ग्रामीणों का कहना है कि भंडारे की सब्जी अगले दिन खाने के बाद कई लोगों की हालत बिगड़ी।