MP Employees News: मध्य प्रदेश की मोहन यादव सरकार राज्य के 7.50 लाख अधिकारी-कर्मचारियों को रक्षाबंधन गिफ्ट दे सकती है। इन कर्मचारियों को महंगाई भत्ते (DA) एरियर की पहली किस्त मिलने की उम्मीद है। आयुक्त कोष एवं लेखा ने इसके लिए जरूरी कवायद शुरू कर दी है। उन्होंने प्रत्येक कर्मचारी के एरियर प्रकरण का परीक्षण कर एसओपी जारी करने के निर्देश दिए हैं। 

मप्र सरकार ने राज्य कर्मचारियों को 1 जुलाई 2023 से मिलने वाला 4 प्रतिशत डीए लोकसभा चुनाव से पहले मार्च 2024 में देने की घोषणा की थी। 8 महीने का एरियर 3 किस्तों में दिया जाना है। तीनों किस्त जुलाई, अगस्त और सितंबर में जारी की जा सकती हैं। यानी हर माह कर्मचारियों के खातों में एरियर की राशि आएगी। 

कर्मचारियों को जुलाई 2023 से फरवरी 2024 तक का एरियर दिया जाना है। मार्च 2024 में डीए आदेश देरी से जारी होने के चलते कुछ विभाग वेतन में इसे नहीं जोड़ पाए थे। इसलिए वह अब हर माह तीन माह की एरियर राशि देंगे।

वेतन के अलावा आएगी इतनी राशि 
डीए में 4 फीसदी की बढ़ोत्तरी के बाद कर्मचारियों का वेतन संवर्ग अनुसार 620 से 8000 रुपए तक बढ़ गया है। जुलाई में यदि दो माह का एरियर भी आया तो उनके बैंक खाते में 1240 से 16 हजार तक की अतिरिक्त राशि आएगी। वित्त विभाग ने एरियर की राशि 3 समान किस्तों में देने के निर्देश दिए हैं। कुछ विभागों में आठ तो कुछ में 9 माह का एरियर शेष है। एरियर की राशि वेतन से अलग होगी। 

केंद्र फिर बढ़ा सकता है 3-4 प्रतिशत डीए 
केंद्र सरकार के कर्मचारियों को बढ़े हुए डीए का लाभ जुलाई 2023 से मिल रहा है, लेकिन मप्र के कर्मचारियों को अब भी इसका इंतजार है। जबकि, केंद्र सरकार इस माह फिर अपने कर्मचारियों के डीए में 3 से 4 फीसदी की बढ़ोत्तरी कर सकती है।