Logo
Dussehra 2024: मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में इस बार भी सबसे बड़े रावण के पुतले का दहन होगा। 12 अक्टूबर यानी विजयादशमी के दिन कोलार में MP का सबसे बड़ा 105 फीट का रावण दहन किया जाएगा।

Dussehra 2024: मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में इस बार भी सबसे बड़े रावण के पुतले का दहन होगा। 12 अक्टूबर यानी विजयादशमी के दिन कोलार में MP का सबसे बड़ा 105 फीट का रावण दहन किया जाएगा। कुंभकरण और मेघनाद के पुतलों की ऊंचाई भी प्रदेश में सबसे ज्यादा होगी। सभी पुतलों को बनाने के लिए राजस्थान से कलाकार आ रहे हैं। इतना ही नहीं रावण दहन के साथ विशेष आतिशबाजी भी होगी। आतिशबाजी के लिए कोटा, दमोह और बांदा के कलाकारों को बुलाया गया है। कोलार हिन्दू उत्सव समिति रावण दहन की तैयारियों में जुट गई है। 

22 साल से हो रहा रावण दहन
सबसे बड़े रावण दहन की तैयारियों को लेकर एलिगेंट ग्रीन गार्डन में कोलार हिन्दू उत्सव समिति के सदस्यों की बैठक हुई। समिति के सदस्यों ने बताया कि हिन्दू उत्सव समिति पिछले 22 साल से बंजारी दशहरा मैदान पर दशहरा महोत्सव का आयोजन कर रही है। इस बार भी एमपी के सबसे बड़े 105 फीट के रावण के पुतले का दहन किया जाएगा। रावण, कुंभकरण और मेघनाद के पुतलों को बनाने के लिए राजस्थान से कलाकार आएंगे।

25 लाख लोग रावण दहन ऑनलाइन देखते हैं 
समिति के सदस्यों ने बताया कि बंजारी दशहरा मैदान और सोशल मीडिया पर तरकीबन 25 लाख लोग रावण दहन ऑनलाइन देखते हैं। कोलार में रावण दहन से पहले देशभक्ति और भजनों की आकर्षक प्रस्तुतियां भी दी जाएंगी। कार्यक्रम में कलाकार डांस और भजन की प्रस्तुति देंगे। इस बार बड़ी संख्या में लोग रावण दहन कार्यक्रम में शामिल होंगे। 

यहां भी होगा रावण दहन 
12 अक्टूबर को इस बार विजयादशमी का पर्व मनाया जाएगा। भोपाल में 30 से अधिक स्थानों पर रावण, मेघनाद और कुंभकर्ण के पुतले जलाए जाएंगे। कोलार के अलावा सलैया में हिन्दू धर्म समिति रावण दहन करेगी। बिट्टन मार्केट उत्सव समिति रावण दहन करेगी। गोविंदपुरा में भेल दशहरा मैदान में रावण दहन होगा। मिनाल स्पोर्ट्स मैदान, टीटी नगर के दशहरा मैदान, संत हिरदाराम नगर के दशहरा मैदान और विजय भूमि चोला में रावण का दहन होगा। 

5379487