भोपाल। बड़ी झील किनारे बने रानी कमला पार्क में 11 जनवरी से साहित्य, कला एवं संस्कृति के उत्सव परी बाजार का आयोजन किया जा रहा है। बेगम्स ऑफ भोपाल की ओर से आयोजित इस चार दिवसीय ऐतिहासिक महोत्सव में न केवल मध्य प्रदेश बल्कि देश के अलग-अलग हिस्सों से भी एग्जीबिटर्स प्रदर्शनी में शामिल होंगे। यह जानकारी शनिवार को आयोजित प्रेस वार्ता में बेगम्स ऑफ भोपाल की अध्यक्ष रखशां जाहिद ने दी। इस दौरान उन्होंने बताया कि परी बाजार महिलाओं द्वारा महिलाओं के लिये आयोजित अब तक सबसे बड़ा उत्सव है। जिसमें विभिन्न प्रकार की गतिविधियां आयोजित होंगी जिनके माध्यम से युवा पीढ़ी को भोपाल की संस्कृति और इसके ऐतिसाहिक महत्व से परिचित होने का अवसर मिलेगा।

राज्यपाल करेंगे परी बाजार का शुभारंभ
चार दिवसीय इस महोत्सव का शुभारंभ 11 जनवरी को शाम 4 बजे राज्यपाल मंगुभाई पटेल करेंगे। परी बाजार में हस्तशिल्प प्रोडक्ट्स और हैंडलूम बुनकरों द्वारा बनाए गए वस्त्र और ड्रेस मेटेरियल्स प्रदर्शित किये जाएंगे। इस बार परी बाजार की थीम रंगे बाग है जो प्रदेश के प्रमुख एवं ट्रेडिशनल ब्लॉक बाग प्रिंट को समर्पित है। महोत्सव में महिलाओं द्वारा कव्वाली पेश की जाएगी जो विशेष आकर्षण का केन्द्र होगी। इसके अलावा चारबैत की खूबसूरत प्रस्तुति दी जाएगी। सूफियाना कव्वाली के लिए देश के नामी कव्वाल मुन्नवर मासूम परी बाजार का हिस्सा होंगे। इसके अलावा महोत्सव में पटियेबाजी, बतोलेबाजी और भोपाली के पकवानों पर दास्तांगोई भी शामिल है।

अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर जोड़ने के लिए फ्रेंड्स ऑफ एमपी 
रखशां जाहिद ने बताया कि इस बार परी बाजार को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर जोड़ने का प्रयास किया गया है। इसके लिये यूके, यूएसए, आयरलैंड और दुबई में रहने वाले फ्रेंड्स ऑफ एमपी को ऑनलाइन माध्यम से जोड़ा गया है। ताकि परी बाजार से विभिन्न देशों के लोग भी जुड़ सकें।