VIDEO: भोपाल की स्कूल में छात्राओं का हंगामा, बोलीं- टीचर धूप में सजा देती, साफ-सफाई भी करवाती

Sarojini Naidu School Bhopal
X
Sarojini Naidu School Bhopal
Bhopal News: भोपाल की सरोजिनी नायडू स्कूल में बुधवार सुबह छात्राओं ने टीचर पर मनमानी का आरोप लगाते हुए धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया।

Bhopal News: राजधानी भोपाल के सरोजिनी नायडू स्कूल में बुधवार सुबह छात्राओं ने हंगामा कर दिया। छात्राओं ने गेट पर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। छात्राओं का कहना है कि स्कूल में एक नई शिक्षक की भर्ती हुई है, जो हम पर मनमानी करती है।

दरअसल, शिवाजी नगर स्थित सरोजिनी नायडू शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में रिटायर्ड कैप्टन वर्षा झा की नियुक्ति की गई है। वह एचआर और एस्टेट मैनेजर के पद पर पदस्थ है। शिक्षिका पर छात्राओं ने आरोप लगाया कि 5 मिनट देरी से आने पर उन्हें धूप में खड़ा कर दिया जाता है। हमसे स्कूल की साफ-सफाई कराई जाती है।

छात्राओं ने इसकी शिकायत अपने अभिभावकों से की तो वह बुधवार सुबह स्कूल पहुंचे। अभिभावकों ने कहा कि आर्मी से कथित तौर पर रिटायर्ड इस महिला की स्कूल में नियुक्ति कैसे हुई? उन्हें स्कूल की व्यवस्था में दखल देने का अधिकार किसने दिया। छात्राओं के अलावा टीचिंग स्टाफ के कुछ लोगों ने भी महिला अधिकारी पर अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाया।

कांग्रेस ने बनाया मुद्दा, भाजपा को घेरा
सरोजिनी नायडू स्कूल में छात्राओं की नाराजगी के मुद्दे को कांग्रेस ने उठाया। मध्यप्रदेश कांग्रेस ने अपने एक्स अकाउंट से छात्राओं का वीडियो पोस्ट करते हुए भाजपा को घेरा। कांग्रेस ने कहा कि भाजपा के एक और नारे की पोल खुल गई है। राजधानी भोपाल के स्कूल में बेटी पढ़ाओं, बेटी बचाओं की जगह बेटियों से स्कूल की सफाई करवाओ अभियान चल रहा है। छात्राओं का विरोध प्रदर्शन का सहारा लेना पड़ रहा है।

स्कूल में छात्राओं के हंगामे की खबर फैली तो राज्य शिक्षा केंद्र के निदेशक स्कूल पहुंचे। यहां छात्राओं और स्कूल स्टाफ से चर्चा की। वहीं, मामला गर्माता देख महिला अधिकारी वर्षा झा को फिलहाल लंबी छुट्टी पर भेज दिया गया है।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo
Next Story