Bhopal-kanpur Corridor: केंद्र की मोदी सरकार ने मध्यप्रदेश को बड़ी सौगात दी है। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने गुरुवार(17 अक्टूबर) को भोपाल-कानपुर इकोनॉमिक कॉरिडोर को 4-लेन में अपग्रेड करने की हरी झंडी दे दी है। 526 किमी लंबे कॉरिडोर को अपग्रेड करने के लिए केंद्र ने 3589.4 करोड़ मंजूर कर दिए हैं। भोपाल से शुरू होकर कॉरिडोर सांची, विदिशा, ग्यारसपुर, राहतगढ़, सागर शहर को बायपास करते हुए छतरपुर जिले में सतई घाट तक जाएगा। ओरछा के लिए जाने वाले दूसरे हाईवे को कनेक्ट भी करेगा।

2026 तक बनकर तैयार होगा कॉरिडोर 
सबसे पहले MP में कॉरिडोर का निर्माण शुरू होगा। 4 फेज में कॉरिडोर 2026 तक बनकर तैयार होगा। एमपी में कॉरिडोर की लंबाई 360 किमी है। इसी के लिए केंद्र ने 3589 करोड़ की स्वीकृति दी है। इस काम से मध्यप्रदेश के उस प्रयास को गति मिलेगी, जिसके तहत मोहन सरकार प्रदेश में औद्योगिक निवेश को बढ़ाने में जुटी हुई है। यह अपग्रेडेशन MP से UP के बीच आर्थिक सड़क इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूती देगा। यातायात और यात्रा को सुगम बनाने में भी मदद मिलेगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस साैगात पर केंद्र व केंद्रीय मंत्री गडकरी का आभार माना है। 

120 किमी की रफ्तार से दौड़ेंगे वाहन 
बता दें कि राजधानी भोपाल से कानपुर की दूरी 550 किमी है। झांसी होकर जाएं या फिर छतरपुर से यात्रा में 12 घंटे लगते हैं। कई जगह 2 लेन सड़क है। नए कॉरिडोर में दूरी 526 किमी रहेगी। वाहन अधिकतम 100 से 120 किमी प्रति घंटे की दौड़ से दौड़ सकेंगे। सड़क व्यस्त मानें तो 2 घंटे तक बचेंगे। सफर में 10 घंटे लगेंगे।

11000 करोड़ का पूरा प्रोजेक्ट, एमपी को मिले 3589 करोड़ 
जानकारी के मुताबिक, कॉरिडोर का निर्माण 4 फेज में होगा। पहला फेज भोपाल से विदिशा, दूसरा यहां से ग्यारसपुर, तीसरा सागर जिला होते हुए छतरपुर के सताई घाट से चौका, चौथा कैमाहा (यूपी) तक जाएगा। सागर शहर के बायपास होते हुए निकल जाएगा। EPC मोड पर बनने वाले पूरे प्रोजेक्ट पर 11,300 करोड़ रुपए खर्च होंगे। एमपी को MP में लंबाई 360 किमी हाेगी।  इसी के लिए एमपी को  3,589.4 करोड़ मिले हैं। 

मंडला से नैनपुर मार्ग को अपग्रेड करने की मंजूरी 
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन जयराम गडकरी ने गुरुवार को सोशल मीडिया पर इसकी पूरी जानकारी साझा की। इकॉनामिक कॉरिडोर की घोषणा वर्ष जनवरी 2023 में की गई थी। एनएचआई ने कॉरिडोर को 2026 तक तैयार करने का लक्ष्य है।इधर केंद्र सरकार ने मंडला शहर से नैनपुर तक 46 किमी लंबे मार्ग को अपग्रेड करने के लिए 592 करोड़ रुपए की मंजूरी प्रदान की है।