भोपाल। ड्यूटी के दौरान शराब पीने और महिलाकर्मी से बदसलूकी करने वाले वन विभाग में पदस्थ लिपिक को निलंबित कर दिया गया है। दरअसल, सिंगरौली में वन मंडल कार्यालय में पदस्थ क्लर्क का एक वीडियो सामने आया है। वीडियो में क्लर्क शिवराज सिंह दफ्तर में बैठकर शराब पीता नजर आ रहा है। साथी महिला कर्मचारी के वीडियो बनाने पर वह उसे धमकाता भी दिख रहा है। घटना 8 फरवरी की है। वीडियो आज सामने आया है। वीडियो सामने आने के बाद क्लर्क शिवराज सिंह को निलंबित कर दिया गया। मामले की जांच के लिए समिति बनाई गई है।

महिला ने वीडियो बनाया तो शिवराज ने धमकाया 
महिला कर्मचारी का आरोप है कि जिला वन मंडल कार्यालय में लिपिक के पद पर तैनात शिवराज सिंह अक्सर शराब पीकर ड्यूटी पर आता है। 8 फरवरी को वह दफ्तर में ही बैठकर शराब पी रहा था। महिला ने मना किया तो वह बदतमीजी करने लगा। महिला ने अपने मोबाइल फोन से उसका वीडियो बनाना शुरू किया। इसके बाद भी वह नहीं माना। महिला को अपशब्द कहने लगा। महिला कर्मचारी ने इस घटना की शिकायत वन मंडल अधिकारी से की। शिकायत पत्र में आरोप लगाया कि शिवराज ने रात में भी उसे कॉल कर गालियां दीं और धमकाया। इसके आधार पर रविवार शाम को शिवराज को निलंबित कर जांच शुरू कर दी गई है।

जानें वीडियो में क्या बोल रहा शिवराज बाबू 
वायरल वीडियो में शिवराज हाथ में शराब की बोतल लिए दिख रहा है। महिला ने वीडियो बनाया तो शिवराज ने महिला से कहा फोटो खींचना है। लो अब खींच लो। इसके बाद वह दराज से शराब की बोतल निकालता है। शराब कप में डालने के बाद बोतल दिखाते हुए कहता है- ऐसा फोटो रख दूंगा न कि हालत भूल जाएगी। मैं तो नहीं रहूंगा लेकिन तुमको बर्बाद करके जाऊंगा। इसको लिख लो। अब इस ऑफिस में केवल तू रहेगी या मैं रहूंगा।

नगर निगम के स्वास्थ्य अधिकारी पर गिरी गाज 
इधर नगर पालिक निगम के स्वास्थ्य आधिकारी भूपेंद्र सिंह पर अनुशासन की गाज गिरी है। भूपेंद्र सिंह को स्वास्थ्य अधिकारी के पद से हटा दिया है। उन पर सफाई व्यवस्था में लापरवाही बरतने के आरोप लग रहे थे।  निगम कमिश्नर प्रीति यादव ने आदेश जारी किया है। सहायक आयुक्त संभव अयाची को स्वास्थ्य अधिकारी की जिम्मेदारी दी गई है। भूपेंद्र सिंह पर कई सारे अनियमितता के आरोप थे। सफाई ठेकेदारों से भी रिश्वत मांगने के आरोप लगे हैं।