भोपाल। मध्यप्रदेश विधानसभा के चार दिवसीय विशेष सत्र में गुरुवार को लाड़ली बहना योजना पर जबरदस्त हंगामा हुआ। कांग्रेस के सीनियर विधायक रामनिवास रावत ने राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद ज्ञापित करते हुए पूछा लाड़ली बहना योजना आगे भी चलेगी या नहीं? राज्यपाल के अभिभाषण में इसका जिक्र क्यों नहीं किया गया? इस पर भाजपा नेता कांग्रेस पर भ्रम फैलाने का आरोप लगाते हुए हंगामा करने लगे। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव व वरिष्ठ विधायक कैलाश विजयवर्गीय ने कहा लाड़ली बहना सहित महिला सशक्तिकरण की सभी योजनाएं चलती रहेंगी। पूर्व सीएम शिवराज सिंह ने भी कहा, लाड़ली बहना योजना बंद नहीं होगी।

महाकाल लोक से बदली इंदौर व उज्जैन की इकनॉमी 
भाजपा विधायक विजयवर्गीय ने कहा, बीजेपी का संकल्प पत्र, संकल्प पत्र नहीं मोदी की गारंटी है। यह गारंटी हर हाल में पूरी होगी। पहले गड्ढे वाली सरकार थी और अंधेरे वाला प्रदेश था। मप्र अब सरप्लस बिजली वाला स्टेट है। महाकाल लोक बनते ही इंदौर की इकोनॉमी बदल गई। प्रतिदिन वहां डेढ़ लाख श्रद्धालु बाबा महाकाल के दर्शन करने पहुंचते हैं। उज्जैन के साथ इंदौर के होटल भी फुल रहने लगे। 

मुख्यमंत्री ने मजदूरों के पक्ष में किया बड़ा फैसला 
विधानसभा में कांग्रेस ने सरकार की कमजोरियां बताई तो भाजपा विधायक विजयवर्गीय मुख्यमंत्री मोहन यादव के कसीदे पढ़ने लगे। कहा यह विधानसभा बहुत बलिष्ठ और गरिष्ठ है। मुख्यमंत्री यादव हैं, कुश्ती व तलवार चलाने में माहिर हैं। पढ़ाई में भी सबसे आगे रहे। कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष हैं। इंदौर में हुकुमचंद्र मिल के मजदूरों के भुगतान का बड़ा फैसला लिया है।

आमदनी बढ़ी पर 70 फीसदी परिवार अब भी गरीब 
कांग्रेस विधायक रामनिवास रावत ने कहा, विधानसभा में जानकारी नहीं मिलती। सवाल लगाने पर कह दिया जाता है कि जानकारी एकत्र की जा रही है। इस पर रोक लगाई जानी चाहिए। जिम्मेदारी व समय सीमा तय होनी चाहिए। प्रदेश में कर्ज बढ़ रहा है। 70 फीसदी लोग गरीबी में जीवन यापन करने को मजबूर हैं। गरीब और अमीरों के बीच खाई बढ़ रही है। 

कांग्रेस ने किया विरासत का अपमान 
पूर्व केन्द्रीय मंत्री व नरसिंहपुर विधायक प्रहलाद पटेल ने कहा, कांग्रेस ने विरासत का अपमान किया है। विरासत के साथ विकास की जरूरत है। विपक्ष लाड़ली बहना की बात करता है, हम लखपति बहना बनाएंगे।