Logo
मध्यप्रदेश के बैतूल में हैरान करने वाली घटना सामने आई। बेटे और बहू ने बीमार माता-पिता को घर में बंधक बना लिया। बुजुर्ग दंपती को खिड़की और दरवाजे के सामने दीवार खड़ी करके कैद कर दिया। सास ने वीडियो वायरल किया तो पुलिस ने केस दर्ज किया है।

Betul Crime News: बेटे और बहू ने बुजुर्ग बीमार माता-पिता को बोझ मान लिया। बुजुर्ग दंपती के कमरे की खिड़की और दरवाजे के सामने दीवार खड़ी करके दोनों को कैद कर दिया। बीमार दंपती इलाज भी नहीं करवा पा रहे थे। इस अमानवीय व्यवहार का पीड़ित दंपती ने वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। वीडियो सामने आने के बाद कलेक्टर, पुलिस बल के साथ दंपती के घर पहुंचे। बहू-बेटे को दीवार हटाने के निर्देश दिए। पुलिस ने बेटे-बहू के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। हैरान करने वाली घटना बैतूल के हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी की है। 

जानें पूरा मामला 
हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी निवासी लता भार्गव (70) ने आरोप लगाए हैं कि बेटे जितिन भार्गव और बहू प्राची भार्गव ने दरवाजे के बाहर दीवार खड़ी कर दी है। दीवार बनने से वे अपने 75 साल के पति महादेव भार्गव का इलाज नहीं कर पा रही हैं। बुजुर्ग महिला ने कलेक्टर और एसपी के यहां शिकायत दर्ज कराई। फिर वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया। 

पुलिस ने दर्ज किया केस 
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस सक्रिय हुई। जांच पड़ताल की तो पाया कि प्रार्ची भार्गव ने अपने सास-ससुर के कमरे के सामने दीवार बना दी है। जिससे उनका बाहरी संपर्क नहीं हो पा रहा था और न ही दंपती इलाज कराने जा पा रहे थे। पुलिस ने लता पति महादेव भार्गव की रिपोर्ट पर प्राची भार्गव और जितिन भार्गव के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। 

जानें बेटा और बहू ने क्या कहा 
बता दें कि बुजुर्ग महिला का बेटा मर्चेंट नेवी में दुबई में पदस्थ है। बहू बैतूल में एक स्कूल की संचालिका है। नेवी में पदस्थ बेटे जितिन भार्गव का कहना है कि मेरी माता जी गलत व्यवहार कर रही थीं। जिसके कारण मेरी बेटी और परिवार को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था, इसलिए मैंने दीवार खींचकर अपना रास्ता अलग किया है। मैंने अपने माता-पिता को कैद नहीं किया है। वहां पर निकलने के लिए एक और रास्ता है।

हम अपने घर में ही सुरक्षित नहीं 
स्कूल संचालिका बहू प्राची भार्गव का कहना है कि हम लोगों को बुजुर्गों के लिए बने कानून के नाम पर डराया जाता है। हमें धमकाया जाता है और प्रताड़ित किया जाता है। आज हम अपने घर में सुरक्षित नहीं हैं। पीड़ित बुजुर्ग महिला लता भार्गव का कहना है कि बेटे-बहू बहुत ज्यादती कर रहे हैं। 

जानें कलेक्टर ने क्या कहा 
बैतूल कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी का कहना है कि बहू और बेटे ने घर में जो अवैध निर्माण किया है, उसे तत्काल हटाने के निर्देश दिए हैं। बुजुर्ग दंपती के साथ प्रताड़ना की जांच की जा रही है।

5379487