MP DA Hike: मध्यप्रदेश की 'मोहन सरकार' ने अधिकारी-कर्मचारियों को दिवाली गिफ्ट दिया है। CM मोहन यादव ने सोमवार (28 अक्टूबर) को महंगाई भत्ता बढ़ाने का ऐलान कर दिया है। अब एमपी के कर्मचारियों को 50 फीसदी महंगाई भत्ता मिलेगा। जनवरी 2024 से 50 फीसदी दर से महंगाई भत्ता लागू किया जाएगा। साथ ही 10 माह के एरियर का भुगतान भी किया जाएगा। बता दें कि मार्च 2024 में वित्त विभाग ने डीए में 46% की दर पर वृद्धि स्वीकृत की गई थी, जो 1 जुलाई 2023 से प्रभावी थी। हालांकि, अब इसे बढ़ाकर 50% कर दिया है।

सीएम ने सभी कर्मचारियों को दी शुभकामनाएं 
सीएम ने कहा कि दीपावली के पावन अवसर पर मैं मध्य प्रदेश सरकार के सभी कर्मचारियों को बधाई और शुभकामनाएं देता हूं। आपको बताते हुए मुझे खुशी हो रही है कि हमने डियरनेस अलाउंस (DA) में 4% की बढ़ोतरी का निर्णय लिया है। वर्तमान देय DA 46% से बढ़कर 50% हो जाएगा। शासकीय सेवकों को दिनांक 1 जनवरी 2024 की स्थिति में महंगाई भत्ता 50% की दर से दिया जाएगा। एरियर का भुगतान इसी वित्तीय वर्ष में चार समान किस्तों किया जाएगा। 

1 नवंबर को मध्यप्रदेश स्थापना दिवस 
सीएम ने कहा कि आपकी मेहनत और समर्पण ने मध्य प्रदेश को बेहतर भविष्य की ओर बढ़ाया है। साथ ही 1 नवंबर को हम मध्यप्रदेश स्थापना दिवस की भी तैयारी कर रहे हैं, जो दीपावली पर्व को और आनंददायी बनाने वाला है। यह दिन हमारे राज्य की स्थापना और हमें अपने गौरवशाली अतीत की याद दिलाता है। राज्य की प्रगति और उन्नति में आपके योगदान के लिए मैं हृदय से आभारी हूं। आपको दीपोत्सव पर्व दीपावली की अग्रिम बधाई और शुभकामनाएं।

यूपी सरकार ने भी बढ़ाया था DA 
इधर उत्तरप्रदेश की योगी सरकार ने भी अपने अधिकारी-कर्मचारियों को दिवाली तोहफा दिया है।  सरकार ने गुरुवार (24 अक्टूबर) को राज्य कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में 3 फीसदी का इजाफा करने का आदेश जारी किया था। पेंशनरों का भी महंगाई भत्ता 3 फीसदी बढ़ाया था। DA बढ़ने के बाद यूपी के कर्मचारियों को 53 फीसदी महंगाई भत्ता मिलेगा। 30 अक्टूबर को सैलरी और पेंशन बढ़कर आएगी। सरकार के आदेश से राज्य के 15 लाख से अधिक कर्मचारियों, शिक्षकों, शिक्षणेत्तर(non-teaching) कर्मचारियों और निगम कर्मचारियों को लाभ मिलेगा। 

केंद्रीय कर्मचारियों को मिलता है 53 फीसदी भत्ता
केंद्रीय कर्मचारियों को फिलहाल 53 प्रतिशत महंगाई भत्ता मिलता है। मध्यप्रदेश में ये 46 प्रतिशत ही था, जो अब 50% हो गया है। लेकिन केंद्र और राज्य सरकार के महंगाई भत्ते के अंतर अब भी 3 प्रतिशत है। बीते लंब समय से कर्मचारी संगठन महंगाई भत्ता बढ़ाने की मांग कर रहे थे। धरना-प्रदर्शन भी किए गए। अब जाकर सरकार ने फीसदी DA बढ़ाया है। सरकार के आदेश के बाद मध्यप्रदेश में अधिकारी-कर्मचारियों का महंगाई भत्ता (डीए) 50% होने पर उसे मूल वेतन में मर्ज कर दिया जाएगा।