Dussehra 2024: बुराई पर अच्छाई की जीत का पर्व दशहरा आज है। भोपाल सहित पूरे मध्यप्रदेश में विजयादशमी पर्व की धूम है। शनिवार (12 अक्टूबर) को भोपाल में 800 से ज्यादा जगहों पर रावण दहन का कार्यक्रम होगा। शहर में सबसे ऊंचा 105 फीट का रावण दहन कोलार में होगा। भजन गायक अनूप जलोटा भी आएंगे। सलैया में 100 फीट का रावण दहन होगा। बिट्‌ठन मार्केट, छोला, टीटी नगर, कलियासोत समेत 30 से ज्यादा जगहों पर बड़े आयोजन होंगे। रावण दहन कार्यक्रम में सबसे ज्यादा आकर्षण का केंद्र आतिशबाजी रहेगी। कहीं कलकत्ता की आतिशबाजी का प्रदर्शन किया जाएगा तो कहीं पर मालवा की आतिशबाजी का रंगारंग आयोजन होगा। 

बांके बिहारी मंदिर से निकलेगा  चल समारोह 
शहर की सबसे प्रतिष्ठ सामाजिक और धार्मिक संस्था श्री हिन्दू उत्सव समिति विजयदशमी महपर्व पर शनिवार को चल समारोह निकलेगा। चल समारोह दोपहर 12 बजे बांके बिहारी मंदिर मारवाड़ी रोड से शुरू होगा, जो विभिन्न मार्गों से होता हुआ छोला दशहरा मैदान पर पहुंचेगा। यहां पर रावण के पुतले का दहन किया जाएगा। चल समारोह में आकर्षक धर्म ध्वजा, ढोल, डीजे, मयार्दा पुरुषोत्तम श्रीराम का रथ, लंकापति रावण का रथ, अशोक वाटिका, मेधनाथ कुंभकर्ण का रथ सहित अन्य झांकियां रहेंगी।

करतबों का प्रदर्शन करेंगे अखाड़े 
हिन्दू प्राचीन कला समिति विजयादशमी पर्व पर एक दर्जन अखाड़ों के माध्यम से शक्ति और साहस का प्रदर्शन चल समारोह में करेगा। गंगा जमनी तहजीब की परंपरा निभाते हुए मुस्लिम अखाड़ों के उस्ताद खलीफा उपस्थित रहेंगे।

सलैया: दिल्ली के कलाकार करेंगे इलेक्ट्रॉनिक आतिशबाजी
श्री हिन्दू धर्म उत्सव समिति सलैया दशहरा मैदान में 100 फीट के रावण के पुतले का दहन करेगी। 90-90 फीट के मेघनाथ और कुंभकरण के पुतलों का दहन होगा। आयोजन में दिल्ली के कलाकार इलेक्ट्रॉनिक आतिशबाजी का आयोजन करेंगे। अयोजन में सारेगामा फेम शरद शर्मा और इंडिशज गॉट टैलेंट के कलाकार विशेष प्रस्तुति देंगे। 

इन स्थानों पर धूमधाम से होगा रावण दहन 
पुराने शहर के छोला दशहरा मैदान में दशहरा उत्सव के 78 साल हो चुके हैं। यहां 51 फीट ऊंचा रावण जलेगा और आतिशबाजी होगी। संत नगर में नवयुवक सभा द्वारा 45 फीट ऊंचे रावण का दहन किया जाएगा। रंगारंग आतिशबाजी व सम्मान समारोह भी होगा। एमवीएम मैदान जहांगीराबाद में 45 फीट ऊंचे रावण का दहन होगा।

भेल दशहरा मैदान में 51 फीट का रावण दहन 
भेल दशहरा मैदान में 51वें वर्ष में 51 फीट ऊंचे रावण के साथ ही मेघनाद व कुंभकर्ण के पुतले जलाए जाएंगे। भोपाल व ग्वालियर के आतिशबाजों के बीच प्रतियोगिता होगी। कलियासोत दशहरा मैदान में जनश्री लोक कल्याण समिति 51 फीट ऊंचे रावण व 45 फीट के मेघनाद व कुंभकर्ण के पुतलों का दहन करेगी। टीटी नगर ग्राउंड में 51 फीट ऊंचे रावण व 45 फीट के मेघनाद व कुंभकर्ण के पुतलों का दहन होगा।

बिट्‌ठन मार्केट में 54 फीट का रावण जलेगा 
शाहपुरा दशहरा उत्सव सांस्कृतिक कल्याण समिति द्वारा इस वर्ष 51 फीट ऊंचे रावण व कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतलों का दहन होगा। बिट्‌ठन मार्केट में 54 फीट ऊंचे रावण और 53 फीट ऊंचे मेघनाद व कुंभकर्ण के पुतलों का दहन होगा। जयपुर की आतिशबाजी चलेगी। जंबूरी मैदान आनंद नगर में 55 फीट ऊंचे रावण व 45 फीट ऊंचे मेघनाद व कुंभकर्ण के पुतलों का दहन किया जाएगा। मुंबई के कलाकार डिजिटल आतिशबाजी का प्रदर्शन करेंगे। यह 35वां दशहरा उत्सव है।

यहां भी होगा रावण दहन कार्यक्रम 
करोंद उत्सव समिति 32 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन करेगी। एकतापुरी में मातृछाया दशहरा उत्सव समिति 60 फीट ऊंचे पुतले का दहन करने जा रही है। श्री दुर्गाधाम दशहरा उत्सव समिति 51 फीट ऊंचे पुतले को जलाएगी, जबकि संजीव नगर में 30 फीट ऊंचे पुतले का दहन होगा। इसके अलावा, अशोका गार्डन, कोहेफिजा, गांधी नगर, विजय नगर, लालघाटी, राम नगर, भानपुर, मिनाल, अयोध्या नगर, और कटारा हिल्स में भी बड़े आयोजन होंगे।