(हरि अग्रहरि) भोपाल

39th IATO ANNUAL CONVENTION: मध्य प्रदेश में आयोजित हो रहे 39 वें अधिवेशन के दूसरे दिन के पहले सत्र में 'रिसर्जेंट इंडिया इनबाउंड सत्र में टूरिजम को बढ़ावा देने पर फोकस किया गया। प्रदेश टूरिज्म बोर्ड की अपर प्रबंध संचालक बिदिशा मुखर्जी ने अधिवेशन के लिये भोपाल आए ट्रेवल एजेंट्स, टूर ऑपरेटर्स सहित विभिन्न हितधारकों को मध्य प्रदेश में आने का न्योता दिया।

दुनियाभर से पर्यटकों को आकर्षित
बिदिशा मुखर्जी ने कहा कि, मध्यप्रदेश के नैसर्गिक सौंदर्य, प्राचीन इतिहास, संरक्षित धरोहरें, वन्य जीवों में विविधता और वन्य क्षेत्र दुनियाभर से पर्यटकों को आकर्षित कर रहे हैं। प्रदेश को महिला पर्यटकों खासकर एकल महिला पर्यटकों हेतु अधिक सुरक्षित बनाने के उद्देश्य पर्यटन क्षेत्र में महिलाओं की सहभागिता बढ़ाई जा रही है। पर्यटन क्षेत्र के 8 सेक्टर के 48 जॉब रोल्स में महिलाओं को प्रशिक्षित किया जा रहा है। उन्होंने प्रदेश के विभिन्न सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक महत्व के स्थलों पर भी प्रकाश डाला।

यह भी पढ़ें: MP Transfer Order: सीएमओ हर्षित तिवारी की भोपाल नगर निगम में वापसी, अन्य अफसरों के भी तबादले

महिलाओं को पर्यटन से जोड़ने की दिशा में प्रयास
सत्र के दौरान चुनौतीपूर्ण कारोबारी माहौल के बीच भारत को फिर से स्थापित करने की रणनीति' विषय पर व्यावसायिक सत्र पर प्रदेश के प्रमुख सचिव पर्यटन और संस्कृति शिव शेखर शुक्ला ने कहा कि पर्यटन के क्षेत्र में रोजगार उत्पन्न करने और समुदाय की महिलाओं को पर्यटन से जोड़ने की दिशा में प्रयास करते हुए पर्यटन क्षेत्र में 40 हजार से अधिक महिलाओं को प्रशिक्षित किया जा रहा है। 

शांति की चाह रखने वाले पर्यटक
प्रमुख सचिव शुक्ला होटल ताज में इंडियन एसोसिएशन ऑफ टूर ऑपरेटर्स (आईएटीओ) के दौरान अपने संबोधन में प्रदेश में भीड़भाड़ वाले पर्यटन स्थलों को प्रबंधित करने और शांति की चाह रखने वाले पर्यटकों के लिए 50 नए ऑफबीट डेस्टिनेशन विकसित करने की बात कही। शुक्ला ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मानकों के लिए एक बेंचमार्क स्थापित करने की आवश्यकता है और पहले दिन से ही कोई समझौता नहीं होना चाहिए।  इनबाउंड पर्यटन के लिए सही पारिस्थितिकी तंत्र बनाने के लिए काम किया जा रहा हैं। अन्य विभागों से समन्वय के माध्यम से संसाधनों को इकट्ठा करना चाहिए और उनका उपयोग पर्यटन विकास के लिए बुनियादी ढांचा बनाने में करना चाहिए।

उत्तर प्रदेश ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा
इस सत्र में विशेष सचिव पर्यटन उत्तर प्रदेश ईशा प्रिया, ऐबरक्रॉम्बी एंड केंट के एमडी विक्रम मधोक ने भी अपनी बात रखी। ईशा प्रिया ने कहा कि उत्तर प्रदेश ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देने और इसे मध्यम वर्ग के परिवारों के लिए अनुकूल बनाने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने उत्तर प्रदेश के बौद्ध सर्किट, थीम, वेस्ट टू वेल्थ पार्क, महाकुंभ मेला आदि पर्यटन गंतव्यों के विकास और सरकार के प्रयासों की जानकारी दी।

कारोबार अच्छा चल रहा
उत्तर प्रदेश पर्यटन नीति 2022 के बिंदुओं पर उन्होंने कहा कि ऐबरक्रॉम्बी एंड केंट के एमडी विक्रम मधोक ने उन बाजारों में जाने की आवश्यकता जताई, जहां हमारी कमी है। उन्होंने कहा, 'महामारी के बाद, आज हम जहां हैं, वहां कुछ बाजारों से कारोबार अच्छा चल रहा है। लेकिन साथ ही हमें उन क्षेत्रों में भी जाना होगा जहां यह कम है।  उन्होंने विदेशों के नक्शे कदम पर चलने की आवश्यकता भी जताई, जहां होमस्टे का उपयोग करके भीड़ का सूक्ष्म प्रबंधन किया जा रहा है। सत्र का संचालन सचिव (सेवानिवृत्त) भारत सरकार अरविंद सिंह ने किया।

यह भी पढ़ें: Festival Leave 2024: सितंबर में छुट्टियों की भरमार, त्योहार के चलते 15 दिन बंद रहेंगे बैंक