MP Cyber ​​fraud News: मध्य प्रदेश के वन एवं पर्यावरण मंत्री रामनिवास रावत से ऑनलाइन फ्रॉड की कोशिश हुई है। जालसाज ने फोन कॉल कर उनसे पांच लाख की डिमांड की है। मंत्री रामनिवास रावत की शिकायत के बाद क्राइम ब्रांच पुलिस ने आरोपी को अरेस्ट कर लिया है। उसने खुद को भाजपा का राष्ट्रीय संगठन महामंत्री का पीए बतााकर मंत्री से रुपए मांगे थे।  

वन एवं पर्यावरण मंत्री रामनिवास रावत ने 19 जुलाई को भोपाल पुलिस कमिश्नर हरिनारायणचारी मिश्र से मामले की शिकायत की थी। जिसके बाद क्राइम ब्रांच पुलिस ने FIR दर्ज कर पड़ताल शुरू की। FIR के अनुसार, मंत्री रावत को मोबाइल नंबर 9285127561 से कॉल आया था। कॉलर ने खुद को भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री डी. संतोष का निज सचिव बताया। साथ ही कहा, विजयपुर उपचुनाव में कुछ लोगों की व्यवस्था करानी है। हर व्यक्ति के हिसाब से पांच लाख देने होंगे। 

संगठन महामंत्री से कराई बात 
मंत्री रामनिवास रावत ने साइबर ठग की बात को दो-तीन बार तो टाल दिया, लेकिन कॉलर के फोन लगातार आते रहे। उसने एक अन्य शख्स से भी बात कराई। जिसने खुद को भाजपा का संगठन महामंत्री डी. संतोष बताया। आरोपी धीरे-धीरे गंभीर आवाज में बात कर रहा था।  

विजयपुर में उपचुनाव प्रस्तावित 
दरअसल, रानिवास रावत श्योपुर जिले की विजयपुर विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक रहे हैं। मंत्री पद की शपथ लेने के बाद उन्होंने इस्तीफा दे दिया है। लिहाजा, विजयपुर में उपचुनाव होना है। जिसके लिए दोलों दलों की ओर से तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।  

मदद के बहाने साइबर ठगी की कोशिश
वनमंत्री रावत को उपचुनाव में मदद के बहाने साइबर ठगी का शिकार बनाने की कोशिश थी। हालांकि, क्राइम ब्रांच पुलिस ने धारा 319 (2) भारतीय न्याय संहिता एवं 66 (C) सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के तहत केस दर्ज कर आरोपी को अरेस्ट कर लिया है। फिलहाल, उसका नाम सार्वजनिक नहीं किया गया।