Logo
MP Politics News: गुना में पूर्व CM दिग्विजय सिंह के मंच पर एक युवक ने बड़ी बात कही। युवक ने कहा कि मोदी जी ऐसी मीठी गोली हैं, जिसे खाने से बुखार हो जाता है। युवक ने आगे कहा कि दिग्विजय सिंह कड़वा सच हैं, जिसे खाने से बुखार ठीक होता है।

MP Politics News: मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह वादा निभाओ पदयात्रा निकाल रहे हैं। रविवार को दिग्विजय की पदयात्रा गुना के चाचौड़ा में थी। यहां चुनावी सभा के दौरान दिग्विजय सिंह के सामने एक युवक ने बड़े बेबाकी से कहा कि मोदी जी मीठी गोली हैं जिसको खाने से बुखार आ जाता है। युवक ने दिग्विजय सिंह को कड़वा सच बताते हुए कहा कि अगर बुखार उतारना है तो कड़वा सच जानना पड़ेगा। लोकसभा के चुनावी मंच से युवक का बेबाकी से बात कहते हुए का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। युवक की बात सुनते ही दिग्विजय सिंह ने उसे मंच पर कांग्रेस का दुपट्टा पहना दिया। साथ ही उसका नंबर भी अपने मोबाइल में सेव किया।

युवक ने मवेशियों के इलाज के लिए शुरू की गई एंबुलेंस की खामियां बताईं 
बता दें कि दिग्विजय सिंह रविवार को राजगढ़ लोकसभा में आने वाली गुना की चांचौड़ा विधानसभा दौरे पर थे। यहां दिग्विजय ने कई गांवों में वादा निभाओ पदयात्रा निकाली। कुंजाखेड़ी गांव में चुनावी मंच पर दिग्विजय ने मोदी की गारंटी से लेकर सनातन और गौसेवा भाषण दिया। इसी दौरान रूपाहेड़ी गांव का एक युवक ने मवेशियों के इलाज के लिए शुरू की गई एंबुलेंस सेवा की खामियों के बारे में बताया। युवक ने कहा कि एक बछड़े पर कुत्ते ने हमला कर दिया था। युवक ने एंबुलेंस को फोन किया, लेकिन वह नहीं आई। दूसरे दिन एंबुलेंस आई तब तक बछड़े की मौत हो गई।  

दिग्विजय से युवक बोला-वह सच के साथ है 
युवक ने सभा के दौरान दिग्विजय सिंह से कहा कि वह गौसेवा के बारे में सोचता है। लोग तो कुछ भी बोल देते हैं। युवक ने आगे कहा कि दिग्विजय सिंह तो खुली किताब हैं। मोदी जी एक मीठी गोली हैं। जिसे खाने से हमें बुखार आ जाता है। हमारी धनिया आज भी उसी दाम पर बिक रही है। और आप (दिग्विजय सिंह) एक कड़वा सच हैं। अगर बुखार उतारना है तो कड़वा सच तो खाना पड़ेगा। युवक की यह बात सुनने ही दिग्विजय ने युवक से हाथ मिलाया और उसे मंच पर बुला लिया। उससे कहा कि भैया गजब है। तूने हमारी कांग्रेस पार्टी जॉइन की या नहीं अभी तक। युवक ने कहा कि वह तो सच के साथ है। दिग्विजय सिंह ने उसे कांग्रेस का दुपट्टा पहनाया। साथ ही उसका नंबर भी अपने मोबाइल में सेव किया।

5379487