भोपाल। बधाई हो कूनो में फिर चीतों का कुनबा बढ़ा है। शनिवार को फिर बड़ी खुशखबरी मिली है। इस बार दक्षिण अफ्रीका से लाई गई मादा चीता गामिनी ने 5 शावकों को जन्म दिया है। इन शावकों के जन्म के बाद कूनो में चीतों की संख्या में भी इजाफा हुआ है। अब कूनो में 13 शावकों सहित चीतों की संख्या 26 हो गई है। केंद्रीय वन मंत्री भूपेंद्र सिंह यादव ने अपने ट्विटर हैंडल पर पोस्ट शेयर करके देश वासियों के साथ यह जानकारी साझा की है।

भारत में अब तक 13 शावकों को हो चुका है जन्म 
केंद्रीय वन मंत्री भूपेंद्र यादव ने X पर फोटो साझा कर लिखा है कि 'हाई फाइव, कूनो, दक्षिण अफ्रीका के त्वालु कालाहारी रिजर्व से लाई गई मादा चीता गामिनी (5) ने आज 5 शावकों को जन्म दिया है। इससे भारत में जन्मे शावकों की संख्या 13 हो गई है। यह भारतीय धरती पर चौथा चीता वंश है और दक्षिण अफ्रीका से लाया गया चीता का पहला वंश है। सभी को बधाई, विशेषकर वन अधिकारियों, पशु चिकित्सकों और फील्ड स्टाफ की टीम को। जिन्होंने चीतों के लिए तनाव मुक्त वातावरण सुनिश्चित किया है। जिससे सफल संभोग और शावकों का जन्म हुआ है। कूनो राष्ट्रीय उद्यान में शावकों समेत चीतों की कुल संख्या 26 है। 

सीएम मोहन यादव ने दी बधाई 
कूनो में पांच शावकों का जन्म होने पर मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बधाई दी है। सीएम ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा है कि मध्यप्रदेश में 5 नवजात शावकों का स्वागत है...। कूनो नेशनल पार्क से खुशखबरी है कि चीतों के कुनबे में वृद्धि हुई है। सीएम ने आगे लिखा है कि वन्यजीवों के संरक्षण, विशेषकर चीतों के अस्तित्व के लिए अनुकूल वातावरण बनाने के लिए समर्पित पूरी टीम को बधाई देता हूं।

नए साल के तीसरे दिन आशा ने चार शावकों को दिया था जन्म 
बता दें कि नए साल के तीसरे दिन तीन जनवरी 2024 को कूनो नेशनल पार्क में मादा चीता आशा ने चार शावकों को जन्म दिया था। कूनो प्रबंधन शावकों के वीडियो और फोटो जारी किए थे।  इससे पहले 24 मार्च 2023 को मादा चीता ज्वाला ने चार शावकों को जन्म दिया, लेकिन उनमें से तीन की मौत हो गई थी। अभी एक जीवित है। अब कूनो में कुल 26 चीते (13 वयस्क और 13 शावक) हो गए हैं।

पहली बार सियाया ने चार शावकों को दिया था जन्म 
जानकारी के मुताबिक, 71 साल भारत में की धरती पर पहली बार 29 मार्च 2023 को चीतों का जन्म हुआ था। कूनो नेशनल पार्क में नामीबिया से लाई गई मादा चीता सियाया ने भी 4 शावकों को जन्म दिया था। तब भी केन्द्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव और प्रधानमंत्री मोदी ने बधाई दी थी। हालांकि, तीन शावकों की बाद में मौत हो गई थी।

कूनो में अभी 13 शावक सहित कुल 26 चीते 
कूनो नेशनल पार्क में 17 सितंबर 2022 को PM मोदी के जन्मदिन पर नामीबिया से आठ चीते लाकर छोड़े गए थे। 18 फरवरी 2023 को दक्षिण अफ्रीका से 12 चीते दोबारा कूनो में लाए गए। इस तरह कूनो में कुल 20 चीते आए थे। चीता प्रोजेक्ट के 17 महीने में 10 चीतों की मौत हो चुकी है। अब तक चार मादा चीता शावकों को जन्म दे चुकी हैं। वर्तमान में 13 शावक सहित कुल 26 चीता कूनो में हैं।