भोपाल। 500 वर्षों के संघर्ष के बाद श्रीराम आज अपनी जन्मभूमि पर बने भव्य मंदिर में विराजमान होंगे। पूरा देश इस उल्लास में डूबा है। यह उल्लास बुंदेलखंड की अयोध्या कहे जाने वाले ओरछा से लेकर स्वयं भू भगवान शिव की नगरी कुण्डेश्वर में भी दिखाई दे रहा है। हर कोई इस महोत्सव के रंग में रंगा है। यूं तो हर मंदिर और मोहल्ले में आयोजन किए जा रहे हैं, लेकिन ओरछा और कुण्डेश्वर में इस अवसर को यादगार बनाने के लिए खास तैयारियां की गई हैं।  

शाम को महाआरती होगी 
बुंदेलखंड की अयोध्या में विराजे श्रीरामराजा सरकार के मंदिर में सुबह से ही आयोजन शुरू हो गए हैं। दोपहर 12 बजे से यहां 51 पंडित विशेष पूजन करेंगे। अयोध्या में आयोजन निर्विघ्न रूप से संपन्न हो इसके लिए यहां पर विशेष पूजन किया जाएगा। अयोध्या में प्राण-प्रतिष्ठा के बाद ओरछा में भंडारा होगा। 20 हजार लोगों के लिए भंडारे की विशेष व्यवस्था की गई है। शाम को 11 पंडित वेत्रवंती मां गंगा की महा आरती करेंगे। इसके साथ ही कंचना घाट पर 1 लाख दीपक जलाए जाएंगे। पूरे ओरछा नगर को श्रीराम के ध्वजों से सजाया जा रहा है। 

पहली बार भगवान शिव श्रीराम के रूप में देंगे दर्शन
कुण्डेश्वर में विराजमान स्वयं भू भगवान शिव के मंदिर में आयोजन को लेकर मंगल उत्सव चल रहा है। प्राण-प्रतिष्ठा के बाद दोपहर 2 बजे से मंगल गीत गाए जाएंगे। इसके साथ ही बधाई नृत्य का आयोजन किया जाएगा। शाम को मंदिर परिसर में 11 हजार दीपक जलाए जाएंगे और आकर्षक आतिशबाजी की लाएगी। इसके साथ ही सभी श्रद्धालुओं को हलवा, बूंदी और फलों का प्रसाद दिया जाएगा। इस अवसर पर स्वयं भू भगवान शिव का खास रूप से भगवान श्रीराम के रूप में शृंगार किया जाएगा। विदित हो कि यहां पर पहली बार भगवान शिव, श्रीराम के रूप में दर्शन देंगे।

पूर्व सीएम पहुंचे, सीएम कुछ देर बाद पहुंचेंगे 
ओरछा में के खास आयोजन में प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव के साथ ही पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी शामिल होंगे। पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पहुंच चुके हैं। मुख्यमंत्री मोहन यादव विशेष विमान से भोपाल से सुबह 10.40 बजे रवाना होकर ओरछा पहुंचेंगे। 11.55 पर ओरछा पहुंच कर वह सीधे श्रीरामराजा मंदिर पहुंचेंगे और यहां पर विशेष पूजन करेंगे। सीएम यादव यहां पर एक घंटे रहेंगे।

तीन एसपी और 500 जवान होंगे तैनात
ओरछा में सुरक्षा के लिए संभाग के सभी जिलों से बल बुलाया है। 500 जवान तैनात हैं। साथ ही जिले के सभी पुलिस अधिकारियों के साथ ही टीकमगढ़ और छतरपुर एसपी भी तैनात हैं। भोपाल और शिवपुरी डीएसपी हैं।