ग्वालियर के सराफा बाजार में दंपती बनकर सोने की चेन बदलने आए, 15 दिन बाद पता लगा नकली देकर असली ले गए

ग्वालियर। ग्वालियर के सराफा बाजार में जालसाजों ने धोखाधड़ी को अंजाम दिया। दंपती बनकर चोर जोड़ा सराफा बाजार में तनिष्क के शोरूम से 3 लाख कीमत की सोने की चेन ले गया। शोरूम में 15 दिन बाद स्टॉक का मिलान हुआ तब उनकी हरकत पकड़ में आई। शोरूम के सीसीटीवी फुटेज में दोनों स्टाफ को बातों में उलझा कर नकली सोने की चेन थमाकर असली को चुराते दिखे हैं। पुलिस को ईरानी गैंग पर शक है।
ऐसे की चोरी की वारदात
सराफा बाजार में तनिष्क शोरूम पर महिला और उसका साथी 7 दिसंबर की शाम 4:15 बजे ग्राहक बनकर आए थे। दोनों एक चेन भी साथ लाए थे। पहले शोरूम के गहने देखे 44 ग्राम वजन की चेन पसंद की। फिर अपनी चेन निकाल कर सेल्स स्टाफ को दिखाकर कहा पुरानी चेन देकर नई खरीदना चाहते हैं। उनकी चेन की कीमत काटकर जो पैसा नई चेन का होगा उसका भुगतान करेंगे।
शक न हो इसलिए तनिष्क का टैग लगाया था
दिनेश मूंदडा ने पुलिस को बताया स्टाफ ने चोर महिला और उसके साथी पहले सोने की असली चेन दी, शक न हो इसलिए उस पर तनिष्क का टैग लगा था। उसे कसौटी पर परखकर स्टाफ ने चेन एक्सचेंज में सौदा तय किया। यहां चोरों ने चमका दे दिया। दोनों ने कुछ और जेवर दिखाने का झांसा देकर पहले अपनी सोने की चेन उठाकर उसकी जगह बिल्कुल उसी तरह की नकली चेन काउंटर पर रखी। इस पर टैग लगा था। उसके बाद असली चेन लेकर चंपत हो गए।
स्टॉक मिलाया तब चोरी का पता चला
15 दिन बाद शोरूम का स्टॉक मिलान किया तो एक चेन कम थी। उसकी जगह एक्सचेंज में ली गई चेन को फिर परखा तो वह नकली निकली। तब चोरों का पता लगाने के लिए फुटेज चैक किए। उसमें दंपती बनकर आए चोरों की हरकत दिखी। एसआई आरबीएस बैस ने बताया फुटेज में दिखा है महिला शोरूम स्टाफ को बातों में लगा रही है उसका साथी काउंटर से असली चेन उठाकर मुट्ठी में छिपाता दिखा है। चेन लेकर दोनों चोर बाजार में किस रास्ते से निकले पता लगाया जा रहा है।
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS