भोपाल। दतिया में लड़की और लड़के को प्यार करने की सजा मौत मिली। पिता और उसके परिवार ने अपनी ही बेटी की गला घोंटकर बेरहमी से हत्या कर दी। इसके बाद बेटी के प्रेमी के सीने में गोली मारकर मौत के घाट उतारा। दोनों के शव खेत में फेंक दिए। लड़की के घरवालों ने बड़ी साजिश के तहत वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामला दतिया के सेवड़ा थाना के रुआहा गांव का है।   

घरवालों को मंजूर नहीं था दोनों का प्यार 
दतिया के रुआहा गांव में रहने वाली नेहा यादव को गांव में मामा के घर रहने वाले रोहित विश्वकर्मा से प्यार हो गया। दोनों ने साथ जीने मरने की कसमें खाईं। घरवालों को दोनों का प्यार मंजूर नहीं था, लेकिन नेहा और रोहित एक दूसरे के बिना जीना नहीं चाहते थे। दोनों गांव से भागकर राजस्थान के जयपुर शहर पहुंच गए। परिजन को जानकारी मिली तो लड़की के परिजन जयपुर पहुंच गए और भरोसा दिलाया कि सेवड़ा में दोनों की शादी करवा देंगे। परिजनों की बात मानकर नेहा और रोहित सेवड़ा चलने को राजी हो गए, लेकिन सेवड़ा पहुंचने पर नेहा के पिता और भाई ने दोनों को पीटना शुरू कर दिया और दोनों की हत्या करके गांव के बाहर खेत में फेंक आए। 

21 जनवरी को दोनों साथ भागे थे 
भगुआपुरा पुलिस को सूचना मिली कि गांव के खेत में एक लड़का और लड़की का शव पड़ा है। पुलिस पहुंची शव को कब्जे में लिया। जांच पड़ताल के बाद नेहा यादव और रोहित विश्वकर्मा के रूप में दोनों की पहचान हुई। 21 जनवरी को नेहा यादव सेवड़ा में अपने रिश्तेदार के घर से लापता हो गई थी। रोहित विश्वकर्मा रुआहा से लापता हुआ था। दोनों भाग कर दतिया से जयपुर चले गए थे। परिजन किसी तरह दोनों को मनाकर 9 फ़रवरी को अपने साथ घर लेकर लौटे और रात में रुआहा में खेत में दोनों के शव मिले। पुलिस ने मृतका नेहा यादव के पिता अरविन्द यादव, भाई बलदाऊ यादव को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि 4 आरोपियों की अभी भी भगुआ पुलिस को तलाश है।