भोपाल। लालच मत करो, बहुत हो गया। अब मुझे कुछ नहीं दिख रहा, कुछ नहीं सुन रहा। एक अंगुली पकड़ी, दो पकड़ी, तीन पकड़ी, पूरी ही पकड़ रहे हो। जरा ठहरो तो सही, जल्दी क्यों कर रहे, आखिरी बार थोड़ी आया, बार-बार आता रहूंगा। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने यह बात सागर विधायक शैलेंद्र जैन से कही। दरअसल, मुख्यमंत्री बुधवार को सागर पहुंचे। पीटीसी ग्राउंड में सभा के दौरान मुख्यमंत्री ने सागर के लिए 6 घोषणाएं कीं। सीएम मंच से घोषणाएं कर रहे थे, तभी सागर विधायक शैलेंद्र जैन उनके पास मांगों के लिस्ट लेकर पहुंच गए। मोहन यादव ने तभी विधायक से ऐसी बात कही।

मुख्यमंत्री ने सागर में की ये घाेषणाएं 

  • बड़तूमा में रविदास महाराज के स्थान पर सड़क बनाई जाएगी। इसे रविदास लोक करेंगे।
  • मकरोनिया महाविद्यालय में पीजी क्लास इसी सत्र से शुरू की जाएगी।
  • बंडा महाविद्यालय भी स्नातकोत्तर महाविद्यालय के रूप में जाना जाएगा।
  • सागर में आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज खोला जाएगा। इसका नाम आचार्य विद्यासागर महाराज होगा। 
  • राज्य स्तर पर हवाई यातायात शुरू करेंगे। 12 सीटर प्लेन ला जाएंगे। सागर को भी जोड़ा जाएगा
  • केसरी महाविद्यालय में साइंस का कोर्स खोला जाएगा। 

हमने 100 दिन से भी कम समय में विश्विद्यालय दिया 
बता दें कि मुख्यमंत्री ने घोषणाएं करने से पहले रानी अवंति बाई लोधी राजकीय विश्वविद्यालय का भूमिपूजन किया। सभा में इसका जिक्र कर मुख्यमंत्री ने कहा, 'हमने 100 दिन से भी कम समय में विश्विद्यालय दिया। इसी सत्र से विश्विद्यालय कामकाज करना शुरू करेगा। यहां के बच्चे जो कोर्स चाहेंगे, वो सारे के सारे खोले जाएंगे। सीएम ने मकरोनिया नगर पालिका क्षेत्र स्थित बड़तूमा में बन रहे संत रविदास मंदिर और संग्रहालय के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। 

सरकार बच्चे की मदद करेगी 
मंच पर मुख्यमंत्री के सामने एक बच्चे मोहित राजपूत की किडनी ट्रांसप्लांट का मामला रखा गया। सीएम को बताया गया कि 11 लाख रुपए खर्च आएगा। 5 से 6 लाख रुपए का इंतजाम लोगों ने किया है। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि बाकी पैसे सरकार देगी।