भोपाल। सड़क के रास्ते आप सफर करने जा रहे हैं तो 200 किमी क्षेत्र में मौसम का मिजाज क्या रहेगा इसका पता कर सकेंगे। मौसम विभाग ने इसके लिए मौसम मोबाइल ऐप लॉन्च किया है। गूगल प्ले स्टोर से इसे डाउनलोड करने के बाद मौसम और चेतावनी की लाइव जानकारी देख सकेंगे। मौसम विभाग की स्थापना के 150 साल पूरे होने पर इस ऐप को लॉन्च किया गया है। ऐप कैसे काम करता है इसका कार्यक्रम दिल्ली में हुआ, लाइव प्रसारण भोपाल मौसम केंद्र में भी देखा गया। 

तूफान और बारिश की सटीक जानकारी से लोगों की जान बचा रहे 
मुख्य अतिथि और पूर्व प्रमुख मौसम केंद्र भोपाल डॉ. डीपी दुबे ने अपने संस्मरण साझा करते हुए बताया कि पिछले तीस सालों में ही मौसम का अनुमान कहां से कहां पहुंच गया। तूफान, बारिश की सटीक जानकारी से लाखों जानें बचाई जा रही हैं, अब ताे घर से निकलते समय मौसम की जानकारी कर सकेंगे। आने वाला समय एआइ से मौसम की जानकारी का है, इसमें काफी चुनौतियां भी आएंगी।

गांव-गांव तक मौसम का सटीक हाल पहुंचेगा 
मौसम विशेषज्ञ ने बताया कि पहले मौसम की जानकारी क्षेत्रवार होती थी, तकनीक के इस्तेमाल से जिलेवार और ब्लाॅकवार जानकारी पहुंचने लगी, अब आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस के दौर में शहर ही नहीं गांव-गांव तक मौसम का सटीक हाल पहुंचेगा। पहले सीमित जगहों में वर्षा मापक केंद्र लगे हुए थे, अब 425 से अधिक स्थानों पर लगे हैं। इसी प्रकार सैटेलाइट पिक्चर , रेडियो वेब, डाॅप्लर रडार सहित नए-नए मॉडल से मौसम की जानकारी मिलने लगी है।

मौसम मोबाइल एप्लीकेशन से 12 भाषाओं से मिलेगी जानकारी
मौसम मोबाइल एप्लीकेशन में 12 भारतीय स्थानीय भाषाओं में मौसम का हाल पता कर सकेंगे। मप्र मध्य में है और यहां अरब सागर, बंगाल की खाड़ी और पश्चिमी विक्षोभ सभी का असर पड़ता है। ऐसे में इस केंद्र पर बड़ी जिम्मेदारी है। पूर्वानुमान में बदलाव आया है, इसके साथ ही आने वाला समय एआई का। विज्ञानिक डी डॉ दिव्या सुरेंद्रन ने भोपाल के मौसम केंद्र के इतिहास की जानकारी दी।