भोपाल। युवा फिल्मकार सुदीप सोहनी की डॉक्यूमेंट्री फिल्म ‘यादों में गणगौर’ लगातार चर्चा में है। दुनियां भर के फिल्म समारोहों में प्रदर्शन के बीच फिल्म अमेरिका के आर्कियोलॉजिकल चैनल द्वारा स्थापित दुनिया के संभवत: अनोखे ओटीटी प्लेटफॉर्म हैरिटेज ब्रॉडकास्टिंग पर रिलीज हुई है। यह चैनल दुनियां भर की संस्कृति और पुरातत्त्व से संबंधित चुनिन्दा डॉक्यूमेंट्री फिल्मों का प्रदर्शन करता है। 

मध्य प्रदेश की संस्कृति को दर्शाती यह एकमात्र फिल्म अंग्रेजी में रेमिनीसेंस ऑफ गणगौर नाम से इस ओटीटी पर रीलीज हुई है। इसके साथ ही फिल्म का प्रदर्शन आगामी 14-19 मई 2024 को अमेरिका के ओरेगॉन प्रांत के यूजीन शहर में होने वाले 20वें आर्कियोलॉजिकल चैनल अंतर्राष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल में होगा। 

दुनिया के इस प्रतिष्ठित समारोह में यह भारत से चयनित एकमात्र फिल्म है। हाल ही मार्च 2024 में फिल्म त्रिनिदाद और टोबेगो के पोर्ट ऑफ स्पेन में 6वें फिल्म एंड फोकलोर फेस्टिवल में दिखाई गई है। इसके पहले अगस्त 2023 में 14वें शिकागो साउथ एशियन अंतर्राष्ट्रीय फिल्म समारोह, शिकागो (अमेरिका), 7वें चलचित्रम अंतर्राष्ट्रीय फिल्म समारोह(गुवाहाटी), 9वें शिमला अंतर्राष्ट्रीय फिल्म समारोह, (शिमला) में फिल्म के प्रदर्शन हुए है।