जबलपुर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जबलपुर में बुधवार को विकास कार्यों की सौगात देने के साथ ही जन आभार यात्रा निकालेंगे। आमसभा को भी संबोधित करेंगे। संभाग के कानून व्यवस्था एवं विकास कार्यां की समीक्षा भी करेंगे। भाजपा सरकार बनने के बाद जबलपुर में यह पहली बैठक है। आधिकारिक कार्यक्रम के अनुसार डॉ. यादव करीब 10 घंटे जबलपुर में रहेंगे। मुख्यमंत्री के रूप में डॉ. यादव का यह पहला प्रवास होगा। प्रशासन ने इसके लिए तैयारियां तेज कर दी हैं।

शाम पांच बजे शक्ति भवन में कैबिनेट बैठक होगी 
प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार, सीएम होटल कल्चुरी में संभागीय समीक्षा बैठक लेंगे। बैठक में संभाग के सभी जिलों के विधायक, कलेक्टर, एसपी सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी, होंगे। जिसमें संभाग के जिलों में हो रहे विकास कार्यों के अलावा अन्य कार्यों संबंध में भी चर्चा होगी। मुख्यमंत्री दोपहर 2 बजे गैरीसन ग्राउंड में एक सभा को संबोधित करेंगे। इस दौरान वे विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण करेंगे। इस दौरान मंत्रिमंडल के सभी सदस्य मौजूद रहेंगे। इसके बाद शाम 5 बजे शक्तिभवन में कैबिनेट की बैठक होगी।

2020 में कांग्रेस मंत्रिमंडल की हुई थी बैठक
भारतीय जनता पार्टी सरकार की पहली कैबिनेट बैठक जबलपुर में होने जा रही है। अमूमन कैबिनेट की बैठक भोपाल में होती थी, लेकिन पहली बार जबलपुर में हो रही है। इसके पहले कांग्रेस सरकार के मंत्रिमंडल की बैठक फरवरी 2020 में जबलपुर में हुई थी।

सीएम कल जबलपुर में कितने बजे, क्या करेंगे 

  • सुबह 10.30 बजे भोपाल से डुमना एयरपोर्ट पर आगमन
  • सुबह 10.50 बजे भंवरताल उद्यान में वीरांगना रानी दुर्गावती की प्रतिमा पर माल्यार्पण 
  • होटल कलचुरी में दोपहर 11.15 बजे से दोपहर 12 तक कानून व्यवस्था की संभागीय समीक्षा बैठक
  • दोपहर 12 बजे से 1.45 बजे तक विकास कार्यों की संभागीय समीक्षा बैठक
  • दोपहर 2.45 बजे से जन आभार यात्रा
  • दोपहर 3.15 बजे से गैरिसन ग्राउंड में आमसभा, विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमि पूजन 
  • शाम 4.15 बजे से गैरिसन ग्राउंड में स्थानीय कार्यकर्ताओं से चर्चा करेंगे। 
  • शाम पांच बजे शक्ति भवन बोर्ड रूम में कैबिनेट की बैठक

जबलपुर में कैबिनेट का संकल्प हो रहा है पूरा: विवेक तनखा
कांग्रेस सांसद विवेक तनखा ने जबलपुर में कैबिनेट बैठक होने पर डॉ. मोहन यादव सरकार को धन्यवाद दिया है। तनखा ने मंगलवार को एक के बाद एक तीन Tweet किए। तनखा कहा कि फऱवरी 2019 में तत्कालीन मुख्यमंत्री कमलनाथ ने मेरे आग्रह पर जबलपुर के इतिहास में पहली कैबिनेट की बैठक करवाई थी। विधानसभा चुनाव प्रचार के दरमियान मैंने प्रियंका गांधी और कमलनाथ से वादा लिया था कि राज्य में कांग्रेस सरकार बनने पर जबलपुर में फिर से कैबिनेट बैठक हो।

मुझे ख़ुशी है मोहन यादव की बीजेपी सरकार मेरे इस संकल्प को 3 जनवरी को कैबिनेट मीटिंग जबलपुर में करा कर पूर्ण कर रही है। मुझे जबलपुर से प्रेम है। उसकी उपेक्षा से मैं नाराज़ था। उन्होंने कहा कि मुझे ख़ुशी है राकेश सिंह एवं अन्य विधायकों के प्रयासों से 3 जनवरी को फिर जबलपुर में इतिहास रचेगा।