Logo
जबलपुर में रेलवेकर्मी और उनके 8 साल के बेटे की दर्दनाक हत्या की गई। मामले में नया मोड़ सामने आया है। पुलिस को आशंका है कि रेलवेकर्मी की बेटी और पड़ोस में रहने वाले उसके प्रेमी ने पिता-पुत्र की हत्या की है। हत्या के बाद दोनों 4 घंटे तक शव के पास बैठे रहे।

भोपाल। जबलपुर में रेलवे कर्मचारी और 8 साल के बेटे की हत्या के मामले में नया मोड़ सामने आया है। पुलिस को आशंका है कि हत्या में मृतक रेलवेकर्मी की 16 साल की बेटी भी आरोपी युवक के साथ मिली है। पुलिस को शक है कि बेटी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पिता की हत्या कर शव को पॉलीथिन में बांध दिया। 8 साल के भाई को मारने के बाद शव को फ्रिज में बंद कर दिया। हत्या के बाद 4 घंटे तक दोनों आरोपी शव के पास ही बैठे रहे। इस दौरान दोनों ने नाश्ता भी किया। पुलिस के हाथ लगे सीसीटीवी फुटेज से पता चला है कि आरोपी युवक और मृतक की बेटी कॉलोनी के गेट से एक साथ बाहर निकले हैं। दोनों की लोकेशन कटनी में मिली है। अब रेलवेकर्मी की बेटी के अपहरण की आशंका खत्म हो गई है।

लड़की के वॉइस मैसेज से मची खलबली
जबलपुर की मिलेनियम कॉलोनी निवासी राजकुमार विश्वकर्मा (52) रेल विभाग में कार्यालय अधीक्षक थे। पत्नी आरती की मौत के बाद वे 16 साल की बेटी और 8 साल के बेटे तनिष्क के साथ रह रहे थे। 15 मार्च को सुबह 8 बजे नाबालिग बेटी ने भोपाल में रहने वाली चचेरी बहन को वॉइस मैसेज किया था। उसने मैसेज में कहा कि पड़ोस में रहने वाले 19 साल के मुकुल ने पिता और भाई को मार डाला। परिजन की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और देखा कि राजकुमार और उनके बेटे की हत्या कर दी गई थी। 

फ्रिज में मिला बेटे का शव 
जानकारी के मुताबिक, पुलिस मृतक के घर का दरवाजा तोड़कर अंदर घुसी। किचन में राजकुमार खून से लथपथ मृत पड़े थे। उनका शव पॉलीथिन से कवर था। एक पुलिसकर्मी की नजर फ्रिज के गेट पर लगे खून पर गई। फ्रिज खोला तो पॉलीथिन के ऊपर चादर में लिपटी तनिष्क की खून से सनी लाश मिली, जबकि लड़की लापता थी। शनिवार को पिता-पुत्र का पोस्टमार्टम किया गया। परिजन ने अंतिम संस्कार गृह ग्राम पिपरिया में किया।

लड़की मां का मोबाइल साथ में लेकर गई है
पुलिस ने कॉलोनी में लगे सीसीटीवी खंगाले तो फुटेज में राजकुमार की 16 साल की बेटी और 19 वर्षीय मुकुल सिंह साथ में जाते नजर आए। मेन रोड पर लगे सीसीटीवी में दोनों स्कूटी पर एक साथ जाते नजर आए। इसी आधार पर पुलिस ने दोनों को मर्डर में शामिल होना माना। दोनों अपने मोबाइल घर पर छोड़कर भागे। लड़की अपनी मां का मोबाइल साथ में लेकर गई है, जो स्विच ऑफ है। लास्ट लोकेशन कटनी में मिली है।

राजकुमार ने दर्ज कराया था मुकुल पर केस 
पुलिस के मुताबिक, 2023 में राजकुमार ने सिविल लाइन थाना पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी नाबालिग बेटी घर से गायब है। पड़ोस में रहने वाले आरपी सिंह का छोटा बेटा मुकुल बेटी को परेशान करता है। नासमझ बेटी को अपने प्यार के जाल में फंसाकर वह कहीं ले गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लड़की को खोज निकाला था। मुकुल के खिलाफ रेप और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जेल भेज दिया था। 15 दिन जेल में रहने के बाद मुकुल जमानत पर छूटकर घर आ गया था। पुलिस मान रही है कि यह प्रेम प्रसंग का संदिग्ध मामला है। 

5379487