Madhya Pradesh Today News Hindi: देश का दिल कहें जाने वाले मध्य प्रदेश की सियासी हलचल और प्रदेश की अनगिनत छोटी-बड़ी खबरें रोज़ाना हमारी ध्यान में होती हैं। हरिभूमि न्यूज के खास सेगमेंट 'MP की बड़ी खबरें' में आपको समाचार की दुनिया से जुड़ी हर गतिविधि का अपडेट आसान भाषा में मिलेगा। तो चलिए, समाचार की दुनिया में अपडेट रहें और MP की हर खबर से अपनी जानकारी को बढ़ाएं।

मध्य प्रदेश की प्रमुख खबरें; LIVE UPDATE

बिछिया नदी में मिला युवक का शव
रीवा जिले में बिछिया थाना के लोही नगर में एक युवक की डूबने से मौत हो गई। युवक का नाम मोनू सिंह पीटीएस बताया जा रहा है। सूचना मिलने पर बिछिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची। गोताखोरों की मदत से युवक का शव बरामद कर लिया गया है। ंंमोनू रीवा शहर का शातिर बदमाश था।

मालवा एक्सप्रेस की कपलिंग टूटी, दो हिस्सों में बंटी ट्रेन 
मध्य प्रदेश के शाजापुर जिले स्थित शुजालपुर में डॉ. अंबेडकर नगर (महू) से कटरा (वैष्णो देवी) जाने वाली मालवा एक्सप्रेस ट्रेन की कपलिंग टूट गई। कपलिंग टूटने से ट्रेन दो हिस्सों में बंट गई। घटना बेरछा स्टेशन पर शाम 3.55 बजे हुई।

लोकसभा चुनाव के लिए तारीखों का ऐलान; MP में 4 चरणों में होंगे चुनाव
Madhya Pradesh Lok Sabha Election:
मध्यप्रदेश की 29 लोकसभा सीटों के लिए चार चरणों में वोटिंग होगी। पहले चरण की वोटिंग 19 अप्रैल को होगी। दूसरे चरण में 26 अप्रैल, तीसरे चरण में 7 मई और चौथे चरण में 13 मई को वोट डाले जाएंगे। पढ़ें पूरी खबर...

आचार संहित ऐलान के पहले हुआ तबादला
मध्यप्रदेश शासन ने लोकसभा चुनाव की आचार संहिता का ऐलान होने से चंद मिनट पहले ही ज्वाइंट चीफ इलेक्टोरल ऑफिसर राकेश सिंह का तबादला कर दिया। अब वे मत्स्य महासंघ का प्रबंध संचालक का पदभार संभालेंगे। अभी मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय में पदस्थ थे। इसके अलावा मप्र पर्यटन विकास बोर्ड के अपर प्रबंध संचालक विवेक क्षोत्रिय को संयुक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी और पदेन अपर सचिव विधि और विधायी कार्य विभाग (केवल निर्वाचन संबंधी कार्यों के लिए) के पद पर पदस्थ किया है।

पेंशनर्स का महंगाई भत्ता 4 फीसदी बढ़ाया 
मध्य प्रदेश के रिटायर्ड शासकीय सेवकों को मोहन यादव सरकार ने होली से पहले बड़ा तोहफा दिया। छत्तीसगढ़ सरकार से सहमति मिलने के बाद एमपी सरकार ने पेंशनर्स के महंगाई भत्ते में 4 फीसदी की बढ़ोत्तरी की है। राज्य की मोहन यादव सरकार ने शुक्रवार को कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में 4 प्रतिशत बढ़ाने के आदेश जारी किए थे।

MP में 29 पुलिस अफसरों के तबादले 
MP Police Officer Transfer: लोकसभा चुनाव की घोषणा से पहले मध्य प्रदेश में तबादलों का दौर जारी है। गृह विभाग ने शनिवार को दो IPS और राज्य पुलिस सेवा के 29 अफसरों के ट्रांसफर किए हैं। गृह विभाग ने इससे पहले शुक्रवार को भी 47 आईपीएस के तबादला किए थे। इससे पहले 45 आईएएस और 23 राज्य प्रशासनिक सेवा अफसरों का ट्रांसफर भी किया गया था। 

राज्यसभा सांसद अजय प्रताप ने भाजपा से दिया इस्तीफा
मध्यप्रदेश में लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा को बड़ा झटका लगा है। राज्यसभा सांसद अजय प्रताप सिंह ने भाजपा छोड़ दी है। सांसद ने अपना इस्तीफा पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्‌डा को भेजा है। अजय प्रताप सीधी लोकसभा सीट से टिकट नहीं मिलने से नाराज चल रहे थे। अजय 2018 से राज्यसभा सदस्य हैं।

क्रिकेटर उमेश यादव उज्जैन और कुलदीप यादव बागेश्वर धाम पहुंचे 
भारतीय क्रिकेट टीम के फास्ट बालर उमेश यादव शनिवार को पत्नी तान्या बाधवा के साथ उज्जैन पहुंचे। यहां महाकाल की दर्शन-पूजा कर तड़के 4 बजे भस्म आरती में भी शामिल हुए। वहीं चाइनामेन से विख्यात क्रिकेटर कुलदीप यादव छतरपुर के गढ़ा गांव स्थति बागेश्वर धाम पहुंचकर बालाजी के दर्शन किए। वह पं धीरेंद्र शास्त्री द्वारा आयोजित सामूहिक कन्या विवाह महोत्सव में नहीं आ पाए थे। लिहाजा, सीरिज़ समाप्त होने के बाद बाला जी सरकार आशीर्वाद लेने पहुंचे। IPL शुरू होने वाले हैं। जिसके लिए क्रिकेटर उमेश यादव और उनकी पत्नी तान्या वाधवा बाबा महाकाल से आर्शीवाद मांगा  

सतना सांसद गणेश सिंह का वीडियो वायरल 
सतना सांसद गणेश सिंह का सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हो रहा है। यह वीडियो उचेहरा में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन का है। जिसमें वह भाजपा कार्यकर्ताओं को अस्त्र शस्त्र उठाने के लिए प्रेरित करते सुने जा रहे हैं। गणेश सिंह को भाजपा ने सतना सीट से लगातार पांचवी बार प्रत्याशी घोषित किया है। चुनाव की तैयारी के लिए ही कार्यक्रम आयोजित किया गया था। 

पूर्व मंत्री हर्ष नारायण सिंह का निधन 
मध्य प्रदेश के पूर्व मंत्री और भाजपा  के सीनियर नेता हर्ष नारायण सिंह का शुक्रवार की देर रात निधन हो गया। वह पिछले कुछ दिन से बीमार थे। हर्ष नारायण सतना जिले की रामपुर बाघेलन विधानसभा क्षेत्र से निर्वाचित होकर सदन में पहुंचते रहे हैं। वर्तमान में उनके बेटे विक्रम सिंह विधायक हैं। दिवंगत भाजपा नेता हर्ष नारायण सिंह के पिता गाेविंद नारायण सिंह संविद सरकार में मप्र के मुख्यमंत्री रहे हैं।   

14 माह से प्रेमी संग थी झांसी की युवती,  मां ने दर्ज कराई हत्या की रिपोर्ट 
झांसी की एक युवती मध्यप्रदेश के सिहोर जिले में प्रेमी संग ऐश कर रही थी।  जबकि, माता-पिता परेशान थे। थक हारकर उम्मीद भी छोड़ चुके थे। मां ने तो हत्या की आशंका जताते हुए थाने में शिकायत दर्ज करा दी थी। इस बीच पुलिस को मिले एक वीडियो से हकीकत सामने आ गई। 

चुनाव आयुक्त की PC आज, चुनाव की तारीखों का होगा ऐलान   

  • मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार दिल्ली के विज्ञान भवन में दोपहर 3 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। इस दौरान वह लोकसभा के साथ 4 राज्यों- आंध्र प्रदेश, ओडिशा, अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान करेंगे। लोकसभा की 543 सीटों पर मतदान 7 फेज में संभव है।  
  • चुनावों की घोषणा के साथ ही आदर्श आचार संहिता लागू हो जाएगी। इसे लेकर सरकार प्रशासनिक व्यवस्था मुस्तैद करने में लगी है। MP में पिछले दो दिन के अंदर करीब आधा सैकड़ा से अधिक IAS और IPS अफसरों के तबादले कर दिए गए है। भूमिपूजन-लोकार्पण भी चरम पर हैं।     
  • मुख्यमंत्री मोहन यादव आज दिल्ली जाएंगे। वहां बीजेपी के शीर्ष नेताओं से मुलाकात कर लोकसभा चुनाव की तैयारियों पर चर्चा करेंगे। जबकि, लोकसभा प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह मध्य प्रदेश में रहेंगे। सुबह 8 बजे नर्मदापुरम जिले में दर्शन पूजन के बाद सुबह 11.30 बजे हरदा में पार्टी पदाधिकारियों की बैठक लेंगे। दोपहर 3 बजे बैतूल में कार्यकर्ता सम्मेलन और 10.30 बजे भोपाल पहुंचकर रात्रि विश्राम करेंगे। लोकसभा चुनाव को लेकर चर्चा करेंगे। 
  • लोकसभा चुनाव की तारीखों के ऐलान से पहले कांग्रेस ने भी जमीनी स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी है। कांग्रेस नेता घर-घर जाकर ज्वलंत मुद्दों से अवगत कराएंगे। पार्टी ने इन मुद्दों की लिस्ट तैयार की है। कांग्रेस का फोकस इस बार महिला, युवा, किसान, आदिवासी और पिछड़ा वर्ग पर ज्यादा है। जिला, ब्लाक इकाइयों और अनुषांगिक संगठनों के समन्वय से आमजन के साथ ज्यादा से ज्यादा संवाद की कोशिश है।