Madhya Pradesh Today News Hindi: देश का दिल कहें जाने वाले एमपी की सियासी हलचल और प्रदेश की अनगिनत छोटी-बड़ी खबरें रोज़ाना हमारी ध्यान में होती हैं। हरिभूमि न्यूज के खास सेगमेंट 'एमपी की बड़ी खबरें' में आपको समाचार की दुनिया से जुड़ी हर गतिविधि का अपडेट आसान भाषा में मिलेगा। तो चलिए, समाचार की दुनिया में अपडेट रहें और एमपी की हर खबर से अपनी जानकारी को बढ़ाएं।

मध्य प्रदेश की ताजा खबरें; MP Live Update 

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू गुरुवार को उज्जैन में बाबा महाकाल के दर्शन करेंगी। साथ ही स्वच्छता मित्रों को सम्मानित करेंगी। सुबह 10.10 बजे वह ढेंडिया स्थित होटल रुद्राक्ष परिसर पहुंचेगी। यहां सफाई-मित्रों से संवाद कर प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगी। सर्टिफिकेट वितरित कर सफाई मित्र को प्रोत्साहित करेंगी। इस दौरान राष्ट्रपति उज्जैन-इंदौर सिक्सलेन सड़क के लिए भूमिपूजन करेंगी। 

राष्ट्रपति सुबह 11.40 बजे महाकाल लोक के नन्दी द्वार पहुंचेंगी। यहां स्वागत स्वस्ति वाचन और शंख वादन होगा। बाबा महाकाल के दर्शन-पूजन और जलाभिषेक करेंगी। इसके बाद मंदिर परिसर में स्वच्छता ही सेवा पखवाड़े के तहत श्रमदान करेंगी। 12.10 बजे राष्ट्रपति महाकाल लोक का भ्रमण करेंगी। साथ ही त्रिवेणी सभा मण्डपम में मूर्ति बना रहे शिल्पकारों से संवाद करेंगी। दोपहर 12.50 बजे वह उज्जैन हेलीपेड से देवी अहिल्याबाई होल्कर एयरपोर्ट प्रस्थान करेंगी। 3.30 बजे इंदौर में DAVV के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी। शाम 4.55 बजे झारखंड रवाना हो जाएंगी। 
 
CM मोहन यादव उज्जैन प्रवास पर 
मुख्यमंत्री मोहन यादव गुरुवार को उज्जैन प्रवास पर हैं। यहां वह राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के साथ कार्यक्रमों में शामिल होंगे। सुबह 9:50 बजे देवी अहिल्याबाई होल्कर एयरपोर्ट इंदौर से हेलीपेड डीआरपी लाइन, उज्जैन आगमन होगा। सीएम मोहन यादव सुबह 10 बजे उज्जैन के देंडिया आएंगे। 10.20 बजे यहां स्वच्छताकर्मी सम्मान, इंदौर-उज्जैन 06 लेन सड़क परियोजना का भूमिपूजन होगा। 11.20 बजे बाबा महाकाल मंदिर में राष्ट्रपति को दर्शन कराएंगे। 12.50 बजे हेलीपेड से इंदौर एयरपोर्ट रवाना होंगे। 3.20 बजे देवी अहिल्या विवि में हीरक जयंती समारोह व 14वें दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे। 4.30 बजे इंदौर एयरपोर्ट पहुंचेंगे, 5.10 बजे स्टेट हैंगर भोपाल रवाना होंगे।  

केंद्रीय मंत्री सिंधिया ग्वालियर दौरे पर 
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ग्वालियर दौरे पर हैं। दोपहर 12 बजे वह ग्वालियर पहुंचेंगे। 3 बजे जयविलास पैलेस में लोगों से मुलाकात करेंगे। शाम 4 बजे होटल रेडिसन में 6 अक्टूबर को प्रस्तावित भारत-बांग्लादेश T20 मैच की तैयारियों को लेकर एमपीसीए की बैठक लेंगे। शाम 5 बजे स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम में शामिल होंगे। 6 बजे महाराज बाड़ा के उर्स कार्यक्रम में शामिल होंगे। देर रात ग्वालियर स्टेशन से दिल्ली रवाना होंगे।

शिवेंद्र चौधरी का होगा स्वागत 
द्रोणाचार्य अवार्डी और भारतीय हॉकी टीम के सहायक प्रशिक्षक शिवेंद्र चौधरी गुरुवार दोपहर 12 बजे ग्वालियर पहुंचेंगे। ओलंपिक में कांस्य पदक और एशिया कप हॉकी प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतने के बाद पहली बार ग्वालियर पहुंचने पर उनका भव्य स्वागत किया जाएगा। एयरपोर्ट से तानसेन नगर स्थित उनके निवास तक स्वागत रैली निकाली जाएगी।