Madhya Pradesh Today News Hindi: देश का दिल कहे जाने वाले एमपी की सियासी हलचल और प्रदेश की अनगिनत छोटी-बड़ी खबरें रोज़ाना हमारी ध्यान में होती हैं। हरिभूमि न्यूज के खास सेगमेंट 'एमपी की बड़ी खबरें' में आपको समाचार की दुनिया से जुड़ी हर गतिविधि का अपडेट आसान भाषा में मिलेगा। तो चलिए, समाचार की दुनिया में अपडेट रहें और एमपी की हर खबर से अपनी जानकारी को बढ़ाएं।

मध्य प्रदेश की ताजा खबरें; MP Live Update

 

  • चीफ जस्टिस सुरेश कैत का शपथ समारोह 
    मध्यप्रदेश हाईकोर्ट के नए चीफ जस्टिस सुरेश कुमार कैत का शपथ ग्रहण समारोह बुधवार सुबह 11 बजे है। राजभावन में राज्यपाल मंगूभाई पटेल उन्हें शपथ दिलाएंगे। सीएम मोहन यादव और पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह भी शामिल होंगे। जस्टिस सुरेश 26 सितंबर को जबलपुर हाईकोर्ट में कार्यभार संभालेंगे।
  • CM मोहन यादव दिल्ली जाएंगे 
    मुख्यमंत्री मोहन बुधवार को दिल्ली जाएंगे। सीएम सबसे पहले सुबह 10.15 बजे लालघाटी पहुंचकर पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे। 11 बजे राजभवन में चीफ जस्टिस सुरेश कुमार कैत के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे। 11:30 बजे नरेला के सेमरा में भाजपा के सदस्यता महाअभियान में शामिल होंगे। 3.20 बजे वह दिल्ली रवाना होंगे। रात्रि विश्राम दिल्ली में करेंगे। 
  • भाजपा का महासदस्यता अभियान 
    मध्यप्रदेश में बुधवार को भाजपा का महासदस्यता अभियान है। मुख्यमंत्री मोहन यादव नरेला के बूथ-138 और 134 में लोगों को सदस्यता दिलाएंगे। पंडित दीनदयाल की जयंती पर हर बूथ में 100 सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा गया है।  पार्टी के बड़े नेता शनिवार को बूथ स्तर पर रात्रि विश्राम किया और सुबह से सदस्यता का रिकॉर्ड बनाने में जुट गए।
  • विश्वकर्मा पुरस्कार के लिए आपत्तियां 
    राज्य स्तरीय विश्वकर्मा पुरस्कार के लिए चयनित कलाकृतियों पर आपत्तियां मंगाई गई हैं। 15 अक्टूबर 2024 तक आपत्तियां मंगाई गई हैं। संत रविदास मध्यप्रदेश हस्तशिल्प एवं हथकरघा विकास निगम के प्रबंध संचालक मोहित बुंदस ने बताया, यह आपत्तियां 15 अक्टूबर तक दर्ज करा सकते हैं। आपत्ति दर्ज कराने का समय शाम 5 बजे तक रहेगा। संत रविदास मध्यप्रदेश हस्तशिल्प एवं हथकरघा विकास निगम की वेबसाइट पर भी विवरण देख सकेंगे। 
  • कॉलेज एडमिशन: प्रमोशन करने डेट बढ़ी
    मध्य प्रदेश के कॉलेजों में स्नातक और पीजी में प्रमोशन लिए अंतिम तिथि बढ़ा दी गई है। यूजी द्वितीय, तृतीय एवं चतुर्थ वर्ष के साथ पीजी तृतीय सेमेस्टर में ऑनलाइन प्रवेश नवीनीकरण के लिए प्रमोट करने और लिंक इनिसिएट करने की तिथि में 15 दिन की वृद्धि की गई है।  
  • अवैध स्विमिंग पूल की होगी जांच  
    मध्य प्रदेश मानवाधिकार आयोग ने भोपाल में बिना सुरक्षा, सुविधा एवं अनुमति के चल रहे स्विमिंग पूलों की जांच के निर्देश दिए हैं। नगर निगम ने स्विमिंग पूल संचालकों को नोटिस जारी कर पूल संचालन के लिए अनुमति प्राप्त करने को कहा था, लेकिन किसी ने अनुमति नहीं ली। आयोग ने नगर निगम आयुक्त को जांच और कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। एक महीने में प्रतिवेदन भी मांगा है।
  • भोपाल में 5 वर्षीय बालिका लापता 
    भोपाल के शाहजहांनाबाद थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर पांच वर्षीय बालिका घर के पास से लापता हो गई। पुलिस काफी देर तक सीसीटीवी फुटेज खंगालती रही, लेकिन सुराग नहीं मिला। शाहजहांनाबाद थाना क्षेत्र के बालिका वाजपेयी नगर मल्टी में रहती थी। दोपहर 12 बजे घर वह खेलते-खेलते अचानक लापता हो गई।  एसआइ अनंत पांडे ने बताया, सूचना मिलते ही थाने की पुलिस टीम के अलावा क्राइम ब्रांच भी बालिका की तलाश में जुटी हुई है।