Madhya Pradesh Today News Hindi: देश का दिल कहें जाने वाले एमपी की सियासी हलचल और प्रदेश की अनगिनत छोटी-बड़ी खबरें रोज़ाना हमारी ध्यान में होती हैं। हरिभूमि न्यूज के खास सेगमेंट 'एमपी की बड़ी खबरें' में आपको समाचार की दुनिया से जुड़ी हर गतिविधि का अपडेट आसान भाषा में मिलेगा। तो चलिए, समाचार की दुनिया में अपडेट रहें और एमपी की हर खबर से अपनी जानकारी को बढ़ाएं। 

मध्य प्रदेश की ताजा खबरें; MP Live Update

MP के अतिथि शिक्षक फिर करेंगे बड़ा प्रदर्शन
मध्य प्रदेश के अतिथि शिक्षक एक बार फिर बड़े स्तर पर आंदोलन करने की योजना बना रहे हैं। नियमितीकरण सहित कई मांगों को लेकर शिक्षक नवंबर के पहले सप्ताह में जेल भरो अभियान करने जा रहे हैं। शिक्षक अपने खिलाफ दर्ज FIR को भी वापस लेने की मांग करेंगे। बता दें कि 2 अक्टूबर को अतिथि शिक्षक संघ ने भोपाल में एक बड़ा प्रदर्शन किया था, जिसमें पुलिस द्वारा लाठीचार्ज भी किया गया था। संघ के प्रदेश अध्यक्ष केसी पंवार, संगठन के सदस्य बीएम खान, मुकेश जोशी और संतोष के खिलाफ नामजद और 250 अन्य के खिलाफ मामले दर्ज किए गए थे। 

भोपाल-कानपुर कॉरिडोर को केंद्र से मिली हरी झंडी
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने मध्य प्रदेश में भोपाल-कानपुर इकोनॉमिक कॉरिडोर को 4-लेन में अपग्रेड करने की घोषणा की है। भोपाल और उत्तर प्रदेश के औद्योगिक शहर कानपुर को जल्द ही फोरलेन इकोनॉमिक कॉरिडोर से जोड़ने का काम शुरू होगा। कॉरिडोर की कुल लंबाई 526 किमी होगी। इसमें मध्य प्रदेश में 360 किमी शामिल हैं। यह कॉरिडोर चार पैकेजों में विकसित किया जाएगा। केंद्र सरकार ने इन पैकेजों के लिए 3,589.4 करोड़ रुपए की मंजूरी प्रदान कर दी है। मंडला-नैनपुर मार्ग के लिए भी 592 करोड़ रुपए की मंजूरी प्रदान की गई है।