भोपाल। मध्यप्रदेश में फिर मौसम का मिजाज बदला है। सोमवार को जबलपुर, शहडोल, सिवनी, मंडला और अनूपपुर में ओले गिरने का अलर्ट मौसम विभाग ने जारी किया है। 19 से ज्यादा जिलों में बारिश होने के आसार हैं। रविवार को मंडला, कटनी, अनूपपुर, शहडोल और जबलपुर में ओले गिरे थे। ठंड पर नजर डालें तो पिछले 24 घंटे में रात के तापमान में बढ़ा है तो तो दिन के तापमान में गिरावट आई है। प्रदेश के 27 जिलों में रात का पारा 4.3 डिग्री तक बढ़ा है। जबकि 16 जिलों में दिन के तापमान में तीन डिग्री तक गिरावट आई है। दतिया लगातार चौथे दिन रात में सबसे ज्यादा सर्द रहा। यहां न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री दर्ज किया गया। ग्वालियर में 7.6 और राजगढ़ में 9.2 डिग्री रात का तापमान रहा। दिन में जबलपुर की पारा सबसे कम रहा। यहां 22.3 डिग्री अधिकतम पारा रिकॉर्ड किया गया। 

आगे क्या: 13 को सागर, शहडोल और रीवा संभाग में बारिश के आसर 
मौसम वैज्ञानिक का कहना है कि दक्षिणी गुजरात के आसपास साइक्लोनिक सर्कुलेशन सिस्टम और ट्रफ लाइन गुजर रही है। ये दोनों अभी भी एक्टिव हैं। दक्षिणी-पूर्वी हवाएं प्रदेश में बारिश ला रही हैं। इससे कई सोमवार केा नर्मदापुरम, छिंदवाड़ा, नरसिंहपुर, बालाघाट, डिंडोरी, उमरिया, कटनी, सिंगरौली में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। रायसेन, बैतूल, दमोह में हल्की बूंदाबांदी का अनुमान है। 13 फरवरी को सागर, रीवा और शहडोल संभाग में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। 

दतिया में रात का पारा सबसे कम और छिंदवाड़ा में सबसे ज्यादा 
तापमान में नजर डालें तो  दतिया की रात सबसे ठंडी रही। यहां न्यूनतम पारा 5.8 डिग्री दर्ज हुआ। ग्वालियर में 7.6, धार 9.8, गुना 9.6, राजगढ़ 9.2, नौगांव 9.2, खजुराहो 10 और रतलाम में 10.5 और पचमढ़ी में 13.8 डिग्री पारा दर्ज किया गया।  छिंदवाड़ा में सबसे ज्यादा 16.6 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। सिवनी में 16.4 और बैतूल में 16.4 डिग्री रात का पारा रहा। भोपाल में 13.4, इंदौर 14.5, जबलपुर    15.0 और उज्जैन 12.8 डिग्री पारा रहा।

जबलपुर में सबसे कम 22.3 डिग्री दिन का पारा
अधिकतम तापमान पर गौर करें तो जबलपुर में सबसे कम 22.3 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। रायसेन 13.4, भोपाल 23.8, खजुराहो 23.8, नौगांव 23.2 और सीधी में 23.6 डिग्री पारा दर्ज किया गया। खरगोन में सबसे ज्यादा 31 डिग्री पारा रहा। खंडवा में 30.5 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया।