Logo
Mohan Cabinet Decision: मध्य प्रदेश की मोहन यादव सरकार ने शनिवार, 5 सितंबर को श्रीअन्न प्रोत्साहन योजना के तहत मिलेट्स उत्पादक किसानों को 3900 रुपए प्रति हेक्टेयर अतिरिक्त सहायता और रानी दुर्गावती स्मारक बनाने का निर्णय लिया है।

Mohan Cabinet Decision: दमोह जिले के सिंग्रामपुर में शनिवार, 5 सितंबर को हुई मोहन कैबिनेट की बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए है। मंत्रि-परिषद ने रानी दुर्गावती श्रीअन्न प्रोत्साहन योजना के तहत मिलेट्स (कोदो-कुटकी) उत्पादक किसानों को 3900 रुपए प्रति हेक्टेयर अतिरिक्त सहायता राशि देने का निर्णय लिया है। यह राशि एमएसपी के अलावा किसानों के खाते में ट्रांसफर की जाएगी। जीरो प्रतिशत ब्याज पर फसल ऋण योजना भी जारी रहेगी। दमोह में हवाई पट्टी के उन्नयन की सैद्धांतिक सहमति दी है। 

मप्र जैन कल्याण बोर्ड बनेगा 
मंत्रि-परिषद ने मध्यप्रदेश जैन कल्याण बोर्ड के गठन का निर्णय लिया है। इसमें 1 अध्यक्ष और 2 सदस्य होंगे। बोर्ड के गठन से जैन समाज के आर्थिक, सामाजिक एवं शैक्षणिक विकास को गति मिलेगी। साथ ही सरकार की योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन होगा। बोर्ड में 2 वर्ष श्वेतांबर और 2 वर्ष दिगम्बर समाज के कार्यकाल को निर्धारित किया जाएगा।

जबलपुर में 100 करोड़ से बनेगा रानी दुर्गावती स्मारक 
मंत्रि-परिषद ने रानी दुर्गावती स्मारक एवं उद्यान विकसित करने समिति गठन की स्वीकृति दी है। इस समिति में मुख्यमंत्री अध्यक्ष और पंचायत मंत्री, लोक निर्माण मंत्री, जनजातीय कार्य मंत्री, पर्यटन मंत्री सदस्य होंगे। जबलपुर में स्थित मदन महल पहाड़ी के 24 एकड़ क्षेत्र में 100 करोड़ की लागत से रानी दुर्गावती स्मारक और उद्यान विकसित किया जाएगा। इसमें रानी दुर्गावती की कांस्य प्रतिमा, ओपन एयर थिएटर, कला और शिल्प जोन,  फूड जोन, जल-संरक्षण संरचनाएं, कैफेटेरिया एवं फिल्म सिटी डेवलप की जाएगी। 

यह निर्णय भी लिए गए 

  • मंत्रि-परिषद ने स्वशासी नर्सिंग प्रशिक्षण संस्थानों को शासकीय नर्सिंग प्रशिक्षण संस्थान में परिवर्तित कर पूर्व से स्वीकृत सभी 428 पदों को स्वास्थ्य विभाग के सेवा भर्ती नियम अंतर्गत प्रशासित करने का निर्णय लिया है। 
  • मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा, विशेष सशस्त्र पुलिस बल (SAF) मण्डला की 35वीं बटालियन का नामकरण वीरांगना रानी दुर्गावती के नाम पर किया जाएगा।
  • विजयादशमी पर शस्त्र-पूजन कार्यक्रम लोकमाता देवी अहिल्या बाई के नाम पर किया जाएगा। महेश्वर के शस्त्र-पूजन कार्यक्रम में सीएम खुद शामिल होंगे। मंत्रि-परिषद के सदस्यों से अपने क्षेत्र और जिले के शस्त्र-पूजन कार्यक्रम में शामिल होने का आग्रह किया। 
5379487