Rajasthan Election 2023: MP के CM शिवराज ने राहुल गांधी पर साधा निशाना, कहा- राष्ट्रीय शर्म है राहुल गांधी
Rajasthan Election 2023: Madhya Pradesh Chief Minister Shivraj Singh Chauhan addressed a press conference in Jaipur on Wednesday.;
Rajasthan Election 2023: मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज चौहान ने पत्रकारों से बात करते हुए राहुल और प्रियंका गांधी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि दोनों भाई-बहन लगातार झूठ बोलते हैं। शिवराज ने राहुल के प्रधानमंत्री मोदी पर दिए पनौती वाले बयान को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि ये बयान शर्मनाक है। राहुल गांधी की मती मारी गई है। वे भारत की हार पर खुश हो रहे हैं। राजस्थान में भी दोनों भाई-बहन झूठ का पुलिंदा परोसने की कोशिश कर रहे हैं। मध्य प्रदेश में प्रियंका ने कहा कि 21 साल में 21 लोगों को भी नौकरी नहीं दे सकी है सरकार, जबकि पचास हजार लोगों को नियुक्ति पत्र तो मैंने अपने हाथ से सौंपे हैं।
राजस्थान में 25 नवंबर को मतदान है। तीन दिसंबर को राजस्थान के साथ-साथ मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ समेत पांच राज्यों में मतगणना होगी। इससे पहले जयपुर पहुंचे शिवराज ने राजस्थान सरकार पर जमकर हमले बोले। उन्होंने साफ कर दिया कि भाजपा की रणनीति हिंदू वोट लामबंद करने की है। शिवराज ने उदयपुर में कन्हैयालाल की हत्या का मुद्दा भी उठाया।
भ्रष्टाचार पर गहलोत सरकार को घेरा
शिवराज ने गहलोत सरकार के भ्रष्टाचार का प्रमुखता से जिक्र किया। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार में राजस्थान नंबर वन है। सरकार के योजना भवन से करोड़ों रुपये बरामद हुए हैं। सोना बरामद हुआ है। यह अनूठा मामला है कि सरकारी कार्यालय से सोना और पैसा बरामद हो रहा है। जल जीवन मिशन लोगों के घर-घर जल पहुंचाने के लिए था। यहां तो 20 करोड़ रुपये का घोटाला हो गया। पांच साल में 11 लाख अपराधों का रिकॉर्ड है। साइबर अपराधों में राजस्थान नंबर वन है।
मन को बहलाने के लिए गालिब यह ख्याल अच्छा है
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के वीडियो और ट्वीट पर भी सवाल उठा। शिवराज से पूछा गया कि गहलोत कहते हैं कि 200 सीटों पर मेरा ही चेहरा है। वह ही मुख्यमंत्री बने रहना चाहते हैं। इस पर शिवराज ने कहा कि मन को बहलाने के लिए गालिब यह ख्याल अच्छा है। उनका चेहरा ऐसा हो गया है कि कोई उस पर नहीं जाने वाला। कांग्रेस विभाजित था। यह चेहरा साढ़े चार साल तक तो सरकार बचाने के लिए रिजॉर्ट में ही रहा।