भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में करारी हार के बाद कांग्रेस में बड़ा फेरबदल हुआ है। पीसीसी चीफ कमलनाथ के स्थान पर अब जीतू पटवारी को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष की कमान सौंपी गई है। चौथी बार के विधायक आदिवासी नेता उमंग सिंघार को नेता प्रतिपक्ष और भिंड के अटेर से विधायक हेमंत कटारे को उप नेता प्रतिपक्ष बनाया है। खास यह है कि कांग्रेस ने नई नियुक्तियों में जातीय संतुलन का ख्याल रखा है।

सभी के सहयोग से मेरे जैसे छोटे से कार्यकर्ता को बड़ी जिम्मेदारी मिली: जीतू 
जीतू पटवारी ने राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश के कांग्रेस नेताओं और युवाओं के सहयोग से ही मेरे जैसे छोटे से कार्यकर्ता को बड़ी जिम्मेदारी मिली है। सभी सीनियर नेताओं के मार्गदर्शन और युवाओं के सहयोग से कांग्रेस जनहित की निर्णायक लड़ाई लड़ेगी। 

कमलनाथ का एक्स पर पोस्ट-सभी को दी शुभकामनाएं
पूर्व सीएम कमलनाथ ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा- जीतू पटवारी को मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष, उमंग सिंघार को कांग्रेस विधायक दल का नेता और हेमंत कटारे को उपनेता मनोनीत किए जाने पर हार्दिक शुभकामनाएं।

रामनिवास का प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष पद से इस्तीफा
इधर नेता प्रतिपक्ष की दौड़ में शामिल रहे विजयपुर विधायक रामनिवास रावत ने कांग्रेस के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष के पद से इस्तीफा दिया है। उन्हें कमलनाथ को अध्यक्ष बनाए जाने के साथ कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया था।

जीतू पटवारी 2018 में कांग्रेस सरकार में मंत्री रह चुके हैं।

जीतू पटवारी:  दो बार विधायकी जीते, इस बार चुनाव हारे
नवंबर 1973 में जन्मे जीतू पटवारी पहली बार 2013 में राऊ विधानसभा सीट से विधायक बने थे। वे प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष के साथ-साथ भारतीय राष्ट्रीय किसान के राष्ट्रीय मीडिया पैनलिस्ट भी रह चुके हैं। पटवारी ने 2018 में राऊ से दूसरी बार चुनाव जीता, लेकिन तीसरी बार 2023 की विधानसभा चुनाव में हर का सामना करना पड़ा।

वे 2018 में कांग्रेस की सरकार बनने पर उच्च शिक्षा युवा और खेल मामलों के कैबिनेट मंत्री रह चुके हैं। पटवारी ने एमएलबी तक शिक्षा हासिल की है। मालवा-निमाड़ में कांग्रेस के युवा ओबीसी चेहरा हैं। युवक कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष भी रह चुके हैं। राहुल गांधी के  करीबी माने जाते हैं। 

उमंग सिंघार: कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव भी रहे
48 साल के उमंग सिंघार ग्रेजुएट हैं। गंधवानी से चौथी बार जीत कर विधानसभा पहुंचे। दो बार लोकसभा प्रत्याशी रहे। कमलनाथ सरकार में मंत्री रहे। कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव भी रहे। इस बार 22119 वोटों से विधानसभा चुनाव जीते हैं। झारखंड-गुजरात चुनाव में सह प्रभारी भी रहे। आदिवासी वर्ग से आते हैं। उमंग पूर्व उप मुख्यमंत्री जमुना देवी के भतीजे हैं। 

सिंघार झारखंड-गुजरात चुनाव में सह प्रभारी रह चुके हैं।

हेमंत कटारे: पूर्व नेता प्रतिपक्ष सत्यदेव कटारे के बेटे हैं
हेमंत कटारे 38 साल के हैं। वे ग्रेजुएट हैं। पूर्व नेता प्रतिपक्ष सत्यदेव कटारे के बेटे हैं। अटेर सीट से 2013 में विधायक बने। 2018 का चुनाव हारे। पिता अटेर सीट से चार बार से विधायक और मध्य प्रदेश सरकार में गृहमंत्री रहे हैं। इस बार वे शिवराज सरकार के मंत्री अरविंद भदौरिया को हराकर विधायक बने। 

हेमंत कटारे ने इस बार मंत्री अरविंद भदौरिया को हराकर विधायकी जीती।