MP Doctors Strike: कोलकाता में हुई ट्रेनी डॉक्टर से रेप के बाद हत्या के विरोध में देशभर में डॉक्टरों ने प्रदर्शन जारी रखा है। भोपाल में एम्स के बाद अब हमीदिया अस्पताल के डॉक्टर भी गुरुवार रात 12 बजे से हड़ताल पर होंगे। जूडा के प्रवक्ता कुलदीप गुप्ता ने जानकारी दी है, उन्होंने बताया कि यह हड़ताल प्रदेश स्तरीय है। इसमें प्रदेशभर से करीब 3 हजार डॉक्टर शामिल होंगे।

इधर, हड़ताल से निपटने के लिए भोपाल के गांधी मेडिकल कॉलेज डीन डॉ. एन सिंह ने सभी डॉक्टरों की छुटि्टयां निरस्त कर दी। जानकारी के मुताबिक, हमीदिया में रोजाना 1 हजार से अधिक मरीजों की OPD रहती है। रात 12 बजे से 250 से ज्यादा जूनियर डॉक्टर(जूडा) काम बंद कर देंगे।

मेडिकल टीचर्स देंगे ड्यूटी
जीएसमी के डीन ने मेडिकल टीचर्स को इमरजेंसी, ओपीडी, ऑपरेशन थिएटर, वार्ड में ड्यूटी करने के निर्देश जारी किए हैं। यह निर्देश सभी डिपार्टमेंट के प्रमुखों को दिए हैं। जारी आदेश के मुताबिक, जरूरत पड़ने पर मेडिकल इंटर्न को भी तैनात करने के लिए कहा है। 

सेंट्रल डॉक्टर प्रोटेक्शन एक्ट की मांग
जूडा प्रवक्ता कुलदीप गुप्ता ने बताया कि- सेंट्रल डॉक्टर प्रोटेक्शन एक्ट की मांग की गई है। इसे लेकर जीएमसी डीन को हड़ताल संबंधी पत्र दिया गया है। हमीदिया अस्पताल के 250 से अधिक जूनियर डॉक्टर्स गुरुवार रात से हड़ताल करेंगे। हड़ताल के दौरान सिर्फ इमरजेंसी सेवाएं चालू रहेंगी। 

Bhopal AIIMS के 600 से अधिक रेजिडेंट डॉक्टर हड़ताल पर 
बता दें, भोपाल एम्स के 600 से अधिक रेजिडेंट डॉक्टर आज भी हड़ताल पर हैं। वे कोलकाता की महिला डॉक्टर से दुष्कर्म और फिर मर्डर के आरोपियों को सख्त सजा दिए जाने की मांग कर रहे हैं। उनके हड़ताल पर जाने से व्यवस्थाएं न बिगड़े, इसलिए नर्सिंग स्टॉफ ने मोर्चा संभाला है।